उत्तराखण्ड
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारी,कार्यकर्ता कर रहे लोगों की मदद
काशीपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि हाल ही में उत्तराखंड में आयी आपदा के दौरान सरकार के प्रयासों से हजारों लोगों की जान बचाई गई है। पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार लोगों की मदद कर रहे हैं। राहत कार्यों के लिए प्रशासन स्तर पर टीमें गठित की गई हैं।
श्री कौशिक यहां शनिवार को बाजपुर रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया गया है। सामूहिक प्रयास से शीघ्र ही हम इस आपदा से उबर जाएंगे। वर्तमान में सहयोग राशि के रूप में आपदा प्रभावित प्रत्येक परिवार को 3800 रुपये मिल रहे हैं। इस धनराशि को बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार से वार्ता की जाएगी। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सरकार और भाजपा संगठन के प्रयासों से लोगों के लिए भोजन व दैनिक जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कौशिक ने कहा कि आपदा में आम जनता और व्यापारियों का जो भी नुकसान हुआ है, उसका प्रदेश सरकार की ओर से एक माह के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान की सूची तैयार करने को कहा गया है। पत्रकारों के सवालों का उत्तर देते हुए कौशिक ने कांग्रेस पर जमकर तंज कसे। उन्होंने कहा कि आपदा पीड़ितों के साथ भाजपा कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है, किंतु इसके बावजूद कुछ राजनीतिक दल इस मामले में राजनीति करने में लगे हैं।
उन्होंने राजनीति के बजाय पीड़ितों की मदद करने का आहवान किया। वहीं, क्षेत्रीय विधायक के पुत्र के अभी हाल भाजपा में शामिल होने और टिकट की दावेदारी करने के बारे में कौशिक ने कहा कि टिकट के बारे में अभी कोई विचार नहीं हुआ है। टिकट मांगना सबका अधिकार है। कौशिक ने कहा कि पार्टी जिसे भी टिकट देगी कार्यकर्ता उसे पूर्ण मनोयोग से चुनाव लड़ाकर जिताएंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया प्रमुख मनवीर सिंह चौहान, प्रदेश सचिव आशीष गुप्ता विधायक हरभजन सिंह चीमा, मेयर उषा चौधरी, पीसीयू के चेयरमैन राम मेहरोत्रा, खिलेन्द्र चौधरी, डा. गिरीश तिवारी, मोहन बिष्ट व गुरबख्श सिंह बग्गा आदि भी मौजूद थे।

