कुमाऊँ
नदी में तैरने गए युवकों में एक की मौत, देर रात तक नहीं निकाल सके शव
द्वाराहाट। अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट ब्लॉक में गगास नदी में नहाने उतरे युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त कुंदन सिंह (27) पुत्र भूपाल सिंह बख्तल (कुलसीवी) के रूप में हुई है। पुलिस व अन्य टीमों ने रात एक बजे तक शव को खोजने के लिए रेस्क्यू किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बताया जा रहा है कि युवक का अन्य साथी तैरने के लिए नदी में कूदा, वह डूबने से बच गया।
गुरुवार देर सायं विकासखंड के बख्तल (कुलसीवी) के तीन युवक घर से बग्वालीपोखर आए थे। उसके बाद गगास नदी के खरेठीखाव में नहाने निकल गए। दो साथी तो नदी में कूदे और तीसरा वीडियो बना रहा था। कुंदन सिंह उफान पर आई गगास नदी के गहरे हिस्से में कूदा और अंदर बड़े पत्थरों के बीच फंस गया। सूचना पर पहुँची गोताखोर पुलिस शव को नहीं निकाल सकी। देर शाम अल्मोड़ा से फायर ब्रिगेड व एसडीआरएफ की टीम भी बुलानी पड़ी। मृतक के पिता कुलसीवी पोस्टऑफिस में कार्यरत हैं।
प्रभारी निरीक्षक द्वाराहाट अजय साह के मुताबिक कुलसीवी के दो युवक गगास नदी में नहाने गए थे। जबकि एक वीडियो बना रहा था। डूबे युवक की पहचान कुंदन सिंह के रूप में हुई है। नदी में गहराई वाले स्थान पर पत्थरों के बीच फंस जाने के कारण एसडीआरएफ तथा फायर ब्रिगेड की टीमें भी रेस्क्यू में शामिल रहीं। बताया जा रहा है कि रात एक बजे तक शव को खोजने का अभियान चलाया गया। इसके बाद भी सफलता नहीं मिली। अंधेरा अधिक होने के कारण अभियान रोक दिया गया। आज प्रातः नौ बजे से फिर अभियान चलया गया मशक्कत करने के बाद गगास नदी से गोताखोरों ने युवक का शव बाहर निकाल।

