Uncategorized
हल्द्वानी-लगातार हो रहे हादसों के बाद भी लोग नही ले रहे सबक
मीनाक्षी
हल्द्वानी में लगातार हो रहे हादसों के बाद भी लोग सावधानी से वाहनों को नहीं चला रहे हैं। खुली सड़क मिलते ही वाहन चालक 100 की स्पीड से भाग रहे हैं। पुलिस की चालानी कार्रवाई के बाद भी हालात नहीं संभल रहे। हल्द्वानी की नैनीताल और रामपुर हाईवे पर वाहन बेलगाम रफ्तार से दौड़ते हैं। 15 से अधिक लोग इस साल हाईवे पर रफ्तार के कारण जान गंवा बैठे हैं। छह महीने के भीतर हाईवे पर ओवरस्पीड पर यातायात पुलिस ने 3 हजार से अधिक चालान किए हैं।इस दौरान हर तीसरा-चौथा वाहन ओवरस्पीड चलते मिला। यातायात पुलिस ने यहां कई जगहों पर अपने इंटरसेप्टर वाहन से दर्जनों चालान किए। यातायात निरीक्षक शिवराज बिष्ट ने बताया कि शहर में वाहनों की स्पीड के मानक 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा है। जबकि बरेली रोड पर 80 तो रामपुर रोड पर 60 किमी प्रतिघंटा गति निर्धारित है, लेकिन वाहन चालक हवा में गाड़ियां चला रहे हैं। इस साल छह महीने में 3 हजार वाहन चालकों के चालान किए गए जिनसे 55 लाख से अधिक का अर्थदंड वसूला गया। इन चालानों में कार, बाइक, ट्रक, टेम्पो सहित सभी प्रकार के दोपहिया, तीन और चारपहिया वाहन शामिल रहे। तीन साल के भीतर 100 हादसे पुलिस विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक रामपुर रोड, बरेली रोड और नैनीताल रोड पर सौ से अधिक हादसे हुए। जिसमें 24 लोगों ने जान गंवाई। जबकि 65 से अधिक घायल हो गए। हादसों की मुख्य वजह ओवरस्पीड और नियंत्रण खो जाना है। हादसों को रोकने के लिए पुलिस के साथ ही परिवहन विभाग नियमित चेकिंग करते हैं। लेकिन लोग लापरवाही नहीं छोड़ रहे। 101 तक की गति से चल रही कारें रामपुर रोड और बरेली रोड पर कारें सबसे अधिक तेज दौड़ रही हैं। यातायात पुलिस की चेकिंग के दौरान दर्जन भर से अधिक कार चालक 85 और 90 किमी प्रतिघंटे से रफ्तार से चलते मिले, लेकिन कुछ ऐसी कारें भी गुजरीं जिनकी स्पीड 100 के पार रही। — ओवरस्पीड वाहनों का लगातार चालान किया जा रहा है। लोगों को जागरूक भी किया जाता रहा है कि हादसों से बचने को निर्धारित गति में वाहन चलाएं। इंटरसेप्टर से तेज गति वाले वाहनों का ऑनलाइन चालान काटा जा रहा है। डॉ. जगदीश चंद्र,एसपी ट्रैफिक ।

