Uncategorized
चुनावआते देख भाजपा गिरगिट की तरह रंग बदल रही:बल्यूटिया
हल्द्वानी। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के रविवार को हल्द्वानी और रामनगर में आयोजित विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास कार्यक्रम को एक राजनैतिक छलावा बताया। श्री बल्यूटिया ने भाजपा सरकार से सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में जवाहर ज्योति दमुवाढूँगा के लोगों का मालिकाना हक की अधिसूचना को क्यों रोका गया ? ऐसे ही आईएसबीटी हल्द्वानी के काम को क्यों रोक दिया, हल्द्वानी रिंग रोड कहाँ चली गई? भाजपा दृष्टि पत्र 2017 में की गई घोषणा किस ठण्डे बस्ते में डाल दी गई। पूर्व में की गई घोषणाओं का क्या हुआ? उन्होंने कहा चुनाव सामने देख भाजपा गिरगिट की तरह रंग बदलकर एक बार फिर से जनता को भ्रमित करने की जुगत में लग गई है।
भाजपा ने पिछले चार सालों में कोरी घोषणाओं और मुख्यमंत्री बदलने के अलावा कुछ भी काम नहीं किए हैं। उन्होंने कहा अगर हल्द्वानी की बात करें तो यहां आईएसबीटी और रिंग रोड जैसे बहुप्रतीक्षित काम भाजपा सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल दिए हैं, वही नई घोषणाएं कर जनता के साथ छलावा किया जा रहा है। सरकार ने जवाहर ज्योति दमुवादूंगा क्षेत्र में सालों से रह रही जनता को मालिकाना हक से बेदखल करने का कुचक्र रच रही है। वहां के क्षेत्र की जनता को लॉकडाउन में जमीनी अधिकार से वंचित कर दिया गया है। बल्यूटिया ने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार के कुशासन से त्रस्त हो चुकी है। मुख्यमंत्री को इस समय जनता को गुमराह करने के अलावा खुद चुनाव लड़ने की चिंता सता रही है। विधान सभा सदस्य से मुख्यमंत्री ना बनाकर भाजपा ने प्रदेश के सामने संवैधानिक संकट पैदा कर दिया है।

