Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट, पांच जिलों में बदलेगा मौसम

उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के पांच जिलों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसे लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भी मौसम बिगड़ सकता है। खासकर 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना अधिक है।

प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में भी ठंड का असर दिख रहा है। पहाड़ों की रानी मसूरी में आज का अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, सरोवर नगरी नैनीताल में अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम 4 डिग्री, रानीखेत का अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम 4 डिग्री, कौसानी का अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 4 डिग्री, मुनस्यारी का अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम 3 डिग्री, चोपता का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री और गैरसैंण का अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चारधाम क्षेत्रों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गंगोत्री में अधिकतम तापमान 5 डिग्री और न्यूनतम -5 डिग्री, यमुनोत्री में अधिकतम 2 डिग्री और न्यूनतम -5 डिग्री, केदारनाथ में अधिकतम 2 डिग्री और न्यूनतम -8 डिग्री, जबकि बदरीनाथ में अधिकतम 2 डिग्री और न्यूनतम -7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश और बर्फबारी के कारण सड़क मार्ग प्रभावित हो सकते हैं, जिससे यात्रा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। विशेष रूप से चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

More in उत्तराखण्ड

Trending News