Uncategorized
नैनीताल में पर्यटकों की बहार, सुहावने मौसम का आनंद लेने पहुंचे हजारों सैलानी
सरोवर नगरी नैनीताल में खुशनुमा मौसम के बीच सैलानियों की आमद जारी है। वीकेंड के तीन दिनों में 25 हजार अधिक सैलानी नगर भ्रमण पर पहुंचे। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी सैलानियों की आमद बरकरार रहेगी। पर्यटक वाहनों से शहर के माल रोड सहित अन्य सड़कों, भवाली रोड पर जाम भी लगा, यातायात पटरी पर लाने पर पुलिस कर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी।शुक्रवार से सैलानियों का पहुंचना शुरू हो गया था, जो रविवार सुबह तक जारी रहा। शनिवार को सर्वाधिक सैलानी पहुंचे। जिसके चलते अधिकांश होटल पैक रहे। महानगरों में प्रदूषण और वीकेंड के कारण सैलानियों का रुझान पर्वतीय क्षेत्रों की ओर बढ़ा है।दिल्ली एनसीआर, लखनऊ, कानपुर, बरेली समेत गुजराती सैलानी पहुंचे हुए हैं। जिस कारण नगर की रंगत में निखार आ गया है।स्नोव्यू, चिड़ियाघर, हिमालय दर्शन, वॉटरफॉल व केव गार्डन सैलानियों से पटे नजर। नैनी झील में पर्यटन सीजन की तरह नौकाएं नजर आई। पर्यटन व्यवसायी राज कुंवर के अनुसार मैदानी इलाकों में प्रदूषण बढ़ने के बाद पर्यटकों की स्वाभाविक आमद बढ़ी है। इधर रविवार को चटक धूप पूरे दिन खिली रही। नगर में सुबह शाम की ठंड में बढ़ोतरी हो चली है। ठंड से राहत पाने के लिए हीटर व आग का सहारा लेना पढ़ रहा है।जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता अधिकतम 75 व न्यूनतम 40 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को मौसम शुष्क रहेगा। रात्रि तापमान में कमी आने से ठंड में बढ़ोतरी होगी।
























