कुमाऊँ
कांग्रेस नेताओं ने दी इंदिरा ह्रदयेश को श्रद्धांजलि, उत्तराखंड सदन समेत तमाम नेताओं ने जताया शोक
उत्तराखंड की वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश का रविवार को दोपहर दिल्ली में निधन हो गया है। उनके निधन के बाद कांग्रेस पार्टी में शाेक की लहर दौड़ पड़ी है।देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , समेत कांग्रेस नेता राहुल गांधी , प्रियंका गांधी,सोनिया गांधी ने इंदिरा के निधन पर शोक जताया। बता दे कि कांग्रेस संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए डॉ इंदिरा दिल्ली गई हुई थी। वहां उत्तराखंड सदन में अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उनके पुत्र सुमित हृदयेश ने इसकी पुष्टि की है। डॉ इंदिरा हृदयेश की मौत से उत्तराखंड कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा ह्रदयेश की उम्र 80 साल की थी।
वह उत्तराखंड की राजनीति में आयरन लेडी के नाम से प्रसिद्ध थीं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत उत्तर प्रदेश के समय से की, सर्व प्रथम एमएलसी रही और उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के रूप में रहते हमेशा के लिये अलविदा कर दिया। इंदिरा के पार्थिव शरीर को दिल्ली से हल्द्वानी लाया जा रहा है इससे पहले उत्तराखंड सदन में इंदिरा हरदेश को कांग्रेस के तमाम नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। बता दें कि कोरोना संक्रमण के बाद से उनकी तबीयत खराब चल रही थी।उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से पार्टी को नुकसान पहुंचा है जिसकी भरपाई करना आसान नहीं हो पाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित पूर्व विधायकों ने भी डॉ. हृदयेश के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
इधर भाजपा नेता अनिल बलूनी ने भी डॉ. इंदिरा हृदयेश को श्रद्धांजलि दी है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी डॉ. हृदयेश के निधन पर दुख व्यक्त किया है। कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे ने डॉ. हृदयेश को बड़ी बहन कहते हुए कहा कि इंदिरा जी का निधन सम्पूर्ण प्रदेश-समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। शोक संतप्त परिवारजनों, समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनायें व्यक्त की है। वहीं दूसरी ओर, कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि उत्तरप्रदेश के समय से राजनीति में डॉ. इंदिरा के अनुभवों का लाभ मिलता रहा है, आज उनके असमय चले जाने से प्रदेश को जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई असंभव है। कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने भी डॉ इंदिरा के निधन पर गहरा दुःख जताया है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने इंदिरा हृदयेश के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा इस अपूर्णीय क्षति को कांग्रेस कभी भरपाई नहीं कर सकेगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, किशोर उपाध्याय, प्रकाश जोशी समेत कई नेता दिल्ली में उनके साथ मौजूद थे।
















