उत्तराखण्ड
हल्द्वानी में शुरू हुआ UCC विवाह पंजीकरण विशेष शिविर, अब तक 8,790 पंजीकरण
पर्वत प्रेरणा ब्यूरो
हल्द्वानी, 18 अगस्त।नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने समान नागरिक संहिता (UCC) कानून के अंतर्गत आज से विवाह पंजीकरण हेतु विशेष शिविरों की शुरुआत कर दी है। निगम क्षेत्र के समस्त सरकारी कार्यालयों में यह शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसकी विभागवार सूची नगर निगम द्वारा जारी कर दी गई है।


शिविर के प्रथम दिन सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी गोपाल सिंह चौहान ने स्वयं विवाह पंजीकरण कराया और विभागीय सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। इसी क्रम में नगर निगम कार्यालय में भी सभी कार्मिकों का पंजीकरण किया जा रहा है। आम नागरिकों की सुविधा हेतु नगर निगम मुख्यालय में प्रतिदिन नि:शुल्क विवाह पंजीकरण शिविर लगाया जाएगा।
नगर आयुक्त ऋचा सिंह समेत अन्य निगम कर्मियों का पंजीकरण भी UCC के अंतर्गत संपन्न हो चुका है। अब तक नगर निगम क्षेत्र में लगभग 8,790 विवाह पंजीकरण पूरे किए जा चुके हैं। इसके अलावा, नगर निगम के 60 वार्डों में भी विवाह पंजीकरण शिविरों की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार विवाह पंजीकरण पूरी तरह नि:शुल्क होगा। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविरों का लाभ उठाकर अपना विवाह पंजीकरण अवश्य कराएं।





























