कुमाऊँ
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन की मेहनत रंग लाई, हाईकोर्ट ने निगम कर्मचारियों को वेतन देने का रास्ता किया साफ: चौधरी
देहरादून/टनकपुर। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन द्वारा लंबित वेतन एवं निगम व समस्त कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु जो रिट याचिका उच्च न्यायालय नैनीताल में आयोजित की गई थी, उसकी आज सुनवाई हुई। आज अवकाश होने के बावजूद भी माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल की युगल पीठ द्वारा विशेष बेंच में सुनवाई की गई। सुनवाई के समय मुख्य सचिव ओम प्रकाश, वित्त सचिव अमित नेगी, परिवहन सचिव डॉक्टर रंजीत सिन्हा एवं प्रबंध निदेशक उत्तराखंड परिवहन निगम अभिषेक रुहेला, उच्च न्यायालय में पेश हुए। उच्च न्यायालय द्वारा सरकार , शासन व परिवहन निगम प्रबंधन द्वारा संविधान के अनुच्छेद 21, 29, 29f, 43 के अनुसार आचरण ना करने पर गहरा रोष व्यक्त किया,साथ ही श्रम कानूनों का उल्लंघन करने व परिवहन निगम के कर्मचारियों से फरवरी माह 2021 से जून माह 2021 तक बिना वेतन दिए कार्य कराने के लिए रोष व्यक्त किया गया।
उच्च न्यायालय द्वारा परिवहन निगम कर्मचारियों के फरवरी माह 2021 से जून माह 2021 के वेतन को एरियर एवं कोविड-19 के चलते दिसंबर माह 2021 तक परिवहन निगम के कर्मचारियों को वेतन देने हेतु धन की व्यवस्था करने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से तत्काल 28 जून 2021 तक आपातकालीन कैबिनेट मीटिंग कराने तथा मुख्य सचिव ओम प्रकाश को 29 जून 2021 को मीटिंग में उपरोक्त समस्या के समाधान के लिए धन आवंटन संबंधी सूचना केबिनेट मीटिंग में प्रस्तुत करने के लिए दिशा निर्देश दिए गए है।
उच्च न्यायालय के दृष्टिकोण से अब उत्तराखंड परिवहन निगम के समस्त कर्मचारियों को जून 2021 तक का वेतन मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड परिवहन निगम के सभी कर्मचारियों की ओर से उच्च न्यायालय का कोटि-कोटि अभिनंदन एवं आभार प्रकट करती है। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी ने देहरादून से दूरभाष पर पर्वत प्रेरणा न्यूज को बताया कि हमारी यूनियन को अब पूर्ण विश्वास है। कि उत्तराखंड परिवहन निगम की अन्य समस्याओं का भी हमारी यूनियन के द्वारा किए गए सार्थक प्रयास से अवश्य समाधान होगा। क्योंकि उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन हमेशा से निगम कर्मचारियों के समस्याओं का समाधान करने के लिए हर पल मुस्तैद और तैयार रहती है क्योंकि हमारी यूनियन का एजेंडा हमेशा से कर्मचारियों की समस्याओं को शासन प्रशासन के सामने उजागर करने का रहा है इसलिए हमारी यूनियन कर्मचारी हित में कार्य करती है।
संवाददाता:- गौरव शर्मा टनकपुर
















