Uncategorized
तालाब में डूबा वाहन, यात्रियों ने तैरकर बचाई जान
चौखुटिया। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह नुकसान की खबरें हैं। देर रात तड़ागताल के नजदीक सड़क के पास तालाब का रूप ले लिया। इससे एक मैक्स वाहन डूब गया। गनीमत रही कि चारों यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर ताल को तैरकर पार कर लिया। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। देर रात एक परिवार के सदस्य देवता पूजा के लिए तड़ागताल से आगे गए थे। उस समय सड़क पर पानी नहीं था। रात में वापसी के समय लगभग 11 बजे सड़क पर पानी भर गया और वह तालाब में तब्दील हो गई। चालक ने वाहन निकालने का प्रयास किया।एकाएक वाहन ताल में डूबने लगा। वाहन में सवार चारों लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई। वहीं वाहन ताल में पूरी तरह से डूब गया। वहीं, सड़क क्षेत्र के एक हिस्से में पानी भर जाने से खोला, पैली आदि क्षेत्रों का यातायात बंद रहा। पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई थी। पानी में डूबे वाहन को बाहर निकालने के लिए युवक ट्रैक्टर लेकर पहुंचे, लेकिन प्रयास असफल रहे। वाहन कारचूली हाट निवासी बहादुर सिंह मेहरा चला रहे थे। उनके साथ गांव के ही मोहन सिंह, नंद राम और चंदन कुमार सवार थे। बताया जा रहा है कि सड़क की गहराई अधिक होने से पानी ने तालाब का रूप ले लिया था। लोगों ने सड़क को सुधारने की मांग की है।





