Uncategorized
हल्द्वानी से कांग्रेस का विजय शंखनाद, खरगे बोले यहीं से बनेगी उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार



भाजपा पर तीखा हमला, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पेपर लीक को लेकर साधा निशाना; बोले डरो मत, कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र बचाने निकली है।
हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान से पार्टी के चुनावी अभियान का विजय शंखनाद किया। प्रदेशभर से जुटे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि हल्द्वानी से ही उत्तराखंड में कांग्रेस की विजय की शुरुआत होगी और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
खरगे ने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि वह लंबे समय बाद आज उत्तराखंड आए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1973 में वह पंतनगर विश्वविद्यालय आए थे, तब वह विधायक थे। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों को सभ्य, आदर्श और बहादुर बताते हुए कहा कि यह देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरों की भूमि भी है। उन्होंने कहा कि देश को पहला परमवीर चक्र उत्तराखंड के वीर सपूत को मिला था।
खरगे ने कहा कि आज ही के दिन महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन का आह्वान किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और संघ का आजादी के आंदोलन में कोई योगदान नहीं रहा। उन्होंने कहा कि जो लोग स्वतंत्रता आंदोलन में जेल नहीं गए, वे आज कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी दबाव से डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र, गरीबों, महिलाओं और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पदयात्रा की।
बेरोजगारी के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 में हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था। उन्होंने सवाल किया कि युवाओं को कितनी नौकरियां मिलीं?
खरगे ने दावा किया कि देश में करीब 30 लाख सरकारी पद रिक्त हैं, लेकिन उन्हें भरा नहीं जा रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे में विकसित भारत की बात कैसे की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास रोजगार और विकास को लेकर विजन और योजना है।
खरगे ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो मेरिट के आधार पर बिना पैसे के सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने उत्तराखंड के युवाओं को होनहार बताते हुए अल्मोड़ा के युवा इनोवेटर रवि टम्टा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रवि टम्टा ने अपने दम पर उड़ने वाली कार तैयार करने का प्रयास किया है और इसके लिए किसी विदेशी मदद का सहारा नहीं लिया।
भ्रष्टाचार और ‘वॉशिंग मशीन’ पर तंज
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा पर पलटवार करते हुए खरगे ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल भेजने की बात करने वाले बाद में उन्हीं आरोपों से घिरे नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर लेते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने कथित तौर पर ऐसे नेताओं को ‘वॉशिंग मशीन’ में डालकर साफ करने का काम शुरू कर दिया है। खरगे ने कहा कि वह 58 साल से राजनीति में हैं और ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए खाद्य सुरक्षा कानून और मनरेगा जैसे कानून बनाए, जबकि भाजपा के पास गरीबों और युवाओं के लिए ठोस योजना नहीं है।
किसान कर्जमाफी का भी किया जिक्र
खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों का करीब 62 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था। उन्होंने उत्तराखंड सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार सड़कों के गड्ढे तक नहीं भर पा रही है।
पेपर लीक और जंतर-मंतर आंदोलन पर सरकार को घेरा। कांग्रेस अध्यक्ष ने पेपर लीक के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक होने से विद्यार्थी परेशान हैं और जब छात्र अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर आंदोलन करते हैं तो उनके साथ दमनात्मक रवैया अपनाया जाता है।
खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि अगर सरकार सही है तो जंतर-मंतर के आंदोलन और छात्रों के मुद्दे पर संसद में बहस कराए। उन्होंने कहा कि संसद में विपक्ष ने काम रोकने का प्रयास नहीं किया, बल्कि सरकार ने सदन को चलने नहीं दिया।
उन्होंने जोशीले अंदाज में कहा “मोदी जी, तुमसे और तुम्हारे शाह से नहीं डरते। 56 इंच की छाती सिकुड़ गई क्या? विद्यार्थियों से बात नहीं कर सकते क्या?”
खरगे की जनसभा से पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जनसभा में आने वाली कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बसों और वाहनों को पुलिस जगह-जगह रोक रही है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन सरकार के एजेंट के रूप में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सभा में पहुंचने से रोकने के लिए बेवजह वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। फेसबुक लाइव के जरिए उन्होंने नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा में आने वाले लोगों की गाड़ियों को जबरन रोका जा रहा है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी।






