Connect with us

Uncategorized

उत्तराखंड में बढ़ रहा स्वाइन फ्लू का खतरा, 40 मामलों की पुष्टि, 5 की मौत

swine flu uttarakhand

स्वाइन फ्लू मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अस्पतालों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। राज्य स्तर से जारी एडवाइजरी के बाद अस्पतालों में आइसोलेशन बेड चिह्नित करने के साथ ही फ्लू के मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उत्तराखंड में बढ़ रहा स्वाइन फ्लू का खतरा

अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, मास्क, सैनिटाइजर और पीपीई किट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जरूरत के अनुसार आवश्यक चिकित्सा सामग्री की खरीद भी की जा रही है, ताकि मरीजों के उपचार में किसी तरह की कमी न हो। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान स्थिति को लेकर लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

स्वाइन फ्लू से किन लोगों को सावधान रहने की जरुरत

आईसीएमआर की गाइडलाइन के अनुसार फिलहाल सामने आ रहे अधिकांश मामले माइल्ड हैं और मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो रहे हैं। हालांकि बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा पहले से गंभीर बीमारी या अन्य को-मॉर्बिडिटी से जूझ रहे लोगों में संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

स्वाइन फ्लू से बचाव कैसे करें?

  • भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाते समय मास्क का इस्तेमाल करें।
  • सर्दी, जुकाम या बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने पर घर पर रहें और बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें।
  • खांसते या छींकते समय रुमाल अथवा टिश्यू का इस्तेमाल करें।
  • खुले में थूकने से बचें और किसी सतह को छूने के बाद हाथों को सैनिटाइज करें।

इन बातों का न करें नजरअंदाज

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार कोरोना काल के दौरान अपनाई गई सावधानियां स्वाइन फ्लू समेत अन्य श्वसन संक्रमणों से बचाव में भी प्रभावी हैं। लोगों को नियमित रूप से हाथ साफ रखने, संक्रमण के लक्षणों को नजरअंदाज न करने और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें -  चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई मजबूती, पहली बार शुरू हुई ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच की सुविधा बढ़ने के कारण अब सामान्य सर्दी-जुकाम और बुखार के मामलों की भी जांच की जा रही है। इससे संक्रमित मरीजों की पहचान पहले की तुलना में अधिक संख्या में हो रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इसका उद्देश्य संक्रमण की समय रहते पहचान कर मरीजों को उचित उपचार उपलब्ध कराना और संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करना है।

स्वास्थ्य विभाग से की सतर्क रहने की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्वाइन फ्लू को लेकर सतर्क रहें, लेकिन अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक की स्थिति पैदा न करें। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और अस्पतालों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखा जा रहा है।

More in Uncategorized

Trending News