Uncategorized
खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार उठा रही लगातार कदम….

उत्तराखंड: खेलों के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि के बीच मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत देहरादून के युवा केंद्र आमवाला में जूडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका परिचय जाना। इस दौरान खेल मंत्री ने खिलाड़ियों से सरकार की ओर से खेल प्रतिभाओं के लिए संचालित योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी साझा की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल अब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि युवा इसे करियर के तौर पर भी अपना रहे हैं। खेल मंत्री रेखा आर्या का कहना हैं कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए अब तक 3,17,988 खिलाड़ी पंजीकरण करा चुके हैं। उनके अनुसार पिछले 10 वर्षों की तुलना में यह सबसे बड़ी भागीदारी है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का प्रतियोगिता से जुड़ना इस बात का संकेत है कि प्रदेश के युवा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी गंभीरता से ले रहे हैं। आने वाले दिनों में पंजीकरण की संख्या और बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में समाज में खेलों को लेकर सोच में बड़ा बदलाव आया है। पहले जहां खेलों को पढ़ाई और करियर की तुलना में कम महत्व दिया जाता था, वहीं अब अभिभावक अपने बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और रोजगार के स्तर पर भी सहयोग मिल सके।
पदक विजेताओं के लिए आउट ऑफ टर्न जॉब का प्रस्ताव..
खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए आउट ऑफ टर्न जॉब से संबंधित प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। इसके साथ ही सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था भी लागू है। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत और अनुशासन के साथ अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रदेश के खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड के साथ अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल, उपनिदेशक शक्ति सिंह, एसके जयराज समेत खेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खेल मंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






