Uncategorized
गंगोलीहाट में 10 वर्षीय मासूम को निवाला बनाने वाले गुलदार को आदमखोर घोषित करने की मांग, 3 दिन का अल्टीमेटम।

गंगोलीहाट। गंगोलीहाट विकास खंड के ग्राम भण्डारी गाँव में 03 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4:00 बजे 10 वर्षीय मासूम बच्चा रियांशु, पुत्र भगवान राम, गुलदार का शिकार बन गया। गुलदार बच्चे को घर के आंगन से उठाकर ले गया और उसका शव घर से मात्र 200 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ। इस घटना को तीन दिन बीत जाने के बाद भी वन विभाग की टीम द्वारा गुलदार को पकड़ा नहीं जा सका है।
गुलदार की दहशत यहीं खत्म नहीं हुई; 04 अक्टूबर 2026 को इसी क्षेत्र में उसने एक गाय के बछड़े को अपना निवाला बनाया, जबकि इससे पहले 01 अक्टूबर को पीड़ित भगवान राम के आंगन से ही एक बकरी उठा ले गया था। इन लगातार हमलों से जंगलों में घास काटने जाने वाली महिलाओं और स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अ.जा. प्रकोष्ठ) के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज टम्टा ने उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट के माध्यम से जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को पत्र भेजकर विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में ग्राम प्रधान द्वारा पत्र सौंपे जाने के बावजूद वन विभाग की लापरवाही के कारण एक मासूम को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों के भीतर इन क्षेत्रों में गुलदार तीन बच्चों को अपना शिकार बना चुका है।
पत्र के माध्यम से प्रशासन से उक्त गुलदार को तत्काल आदमखोर घोषित कर मारने के आदेश जारी करने की मांग की गई है। चेतावनी दी गई है कि यदि 05 अक्टूबर 2026 से तीन दिनों के भीतर उचित कदम नहीं उठाए गए, तो समस्त क्षेत्रवासी पीड़ित परिवार के साथ भण्डारीगाँव मुख्य सड़क पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।





