Uncategorized
कांवड़ यात्रा में बड़ा बदलाव! अब 6 फीट से ऊंची कांवड़ पर होगी कार्रवाई, जानिए नया नियम

हरिद्वार: कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और संभावित हादसों को रोकने के लिए हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ बाजार में सख्ती शुरू कर दी है। श्रावण मास के पहले दिन पुलिस ने चमगादड़ टापू स्थित कांवड़ बाजार का निरीक्षण कर दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 6 फीट से अधिक ऊंची कांवड़ तैयार या बेचने पर कार्रवाई की जाएगी।कांवड़ मेले की शुरुआत के साथ ही चमगादड़ टापू का कांवड़ बाजार पूरी तरह सज चुका है। यहां उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों से आने वाले शिवभक्त बड़ी संख्या में कांवड़ खरीदने पहुंच रहे हैं। इसी बीच शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा अपनी टीम के साथ बाजार पहुंचे और सभी दुकानदारों को शासन की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए। पुलिस ने साफ कहा कि निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
6 फीट से ऊंची कांवड़ क्यों नहीं?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 6 फीट से अधिक ऊंची कांवड़ भीड़भाड़ वाले मार्गों पर यातायात बाधित करती है। इसके अलावा बिजली की लाइनों, पुलों और अन्य स्थानों पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है इसी कारण इस बार ऊंचाई की सीमा का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
झांकी वाली कांवड़ों की चौड़ाई पर भी नजर
प्रशासन ने केवल ऊंचाई ही नहीं, बल्कि झांकी वाली कांवड़ों की चौड़ाई को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। दुकानदारों से कहा गया है कि झांकी का आकार ऐसा रखा जाए जिससे सड़क पर श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। यदि किसी दुकान पर निर्धारित मानकों से बड़ी या नियमों के विपरीत कांवड़ बेची जाती पाई गई, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बाजार में तैनात की गईं विशेष पुलिस टीमें
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि कांवड़ बाजार की निगरानी के लिए पुलिस की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें लगातार बाजार का निरीक्षण कर रही हैं और यह सुनिश्चित कर रही हैं कि कहीं भी निर्धारित मानकों से बड़ी कांवड़ों की बिक्री न हो। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी दुकानदारों और श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने की अपील की गई है।






