Connect with us

Uncategorized

नैनीताल में युवती से छेड़छाड़ के आरोप पर बवाल: महिलाओं ने दो युवकों को पकड़कर पीटा, मुंह काला कर कंडाली से भी मारा;

नैनीताल जिले के भवाली थाना क्षेत्र के सतौली गांव में युवती से कथित छेड़छाड़ और अभद्रता के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों और महिलाओं ने दो युवकों को मौके पर पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों के मुंह पर काला पदार्थ पोता गया और बिच्छू घास (कंडाली) से भी पीटा गया। मारपीट के दौरान दोनों युवकों के कपड़े भी फट गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

घटना शाम की बताई जा रही है। भवाली कोतवाली प्रभारी प्रकाश मेहरा के अनुसार, कार में सवार पांच युवकों पर गांव की युवतियों से सरेराह छेड़छाड़ और अभद्रता करने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देखकर कार सवार युवक वहां से भागने लगे। इस दौरान तीन युवक मौके से फरार हो गए, जबकि दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।

महिलाओं ने घेरा, चप्पलों से की पिटाई
दो युवकों के पकड़े जाने के बाद मौके पर महिलाओं और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सामने आए वीडियो में कुछ महिलाएं दोनों युवकों को घेरकर चप्पलों और हाथों से मारती नजर आ रही हैं। युवक वहां से निकलने का प्रयास करते दिखाई देते हैं, लेकिन भीड़ उन्हें पकड़कर वापस ले आती है।

मुंह काला किया और कंडाली से पीटा
वीडियो में कुछ महिलाएं युवकों के चेहरे और सिर पर काला मोबिल ऑयल जैसा पदार्थ लगाती दिखाई दे रही हैं। इसके बाद बिच्छू घास यानी कंडाली से भी उनकी पिटाई की जाती है। इस दौरान महिलाएं युवती के समर्थन में विरोध जताती नजर आती हैं।

यह भी पढ़ें -  जंतर-मंतर पर छात्रों पर ‘RAF जवान ने की थी 7 राउंड पैलेट गन फायरिंग’, CRPF ने मानी बात!

मारपीट के दौरान दोनों युवकों के कपड़े फट गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर चौकी ले गई।

मुरादाबाद के रहने वाले हैं दोनों युवक
भवाली कोतवाली प्रभारी प्रकाश मेहरा ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले हैं। वे क्षेत्र के एक वेलनेस सेंटर में काम करने के सिलसिले में यहां आए थे। घटना के समय वे पांच लोगों के साथ कार में सवार थे। ग्रामीणों के पहुंचने पर तीन युवक मौके से फरार हो गए, जबकि दो को पकड़ लिया गया।

कार पुलिस ने कब्जे में ली
पुलिस ने आरोपियों की कार को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, वाहन के शीशे पर ‘शेख मुजाहिद’ लिखा हुआ था। वाहन और उसमें सवार लोगों के सत्यापन समेत पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बाहर से आकर काम करने वाले लोगों के सत्यापन की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग भी उठाई।

पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
भवाली कोतवाली प्रभारी प्रकाश मेहरा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ से निकालकर चौकी ले आई। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में लिया है। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें -  कारगिल विजय दिवस: सीएम ने दी श्रद्धांजलि, शहीदों के परिजनों को 2 करोड़ देने का ऐलान

नोट: युवती से छेड़छाड़ का आरोप पुलिस जांच और शिकायत के आधार पर ही आगे स्पष्ट होगा। वायरल वीडियो में दिख रही मारपीट के संबंध में भी पुलिस की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

More in Uncategorized

Trending News