Uncategorized
चम्पावत सिप्टी-लफड़ा मोटर मार्ग पर वाहन दुर्घटना: जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर त्वरित राहत और तीन गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर

शुक्रवार को सिप्टी-लफड़ा मोटर मार्ग पर एक वाहन दुर्घटना में 11 यात्री घायल हो गए। जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के तत्काल हस्तक्षेप से तत्काल राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता प्रदान की गई, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि टल गई।
घटना शुक्रवार सुबह 11:00 बजे हुई, जब पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि वाहन संख्या UK05TA 2850 (टाटा सूमो), सितारगंज से पिथौरागढ़ जा रहा, अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा, पुलिस बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), मुख्य विकास अधिकारी और उपजिलाधिकारी चंपावत सहित जिला प्रशासन की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
स्थानीय लोगों, भाजपा प्रदेश मंत्री श्री निर्मल मेहरा, अन्य जिला पंचायत सदस्यों और रेस्क्यू टीमों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित निकालकर जिला चिकित्सालय, चंपावत पहुंचाया गया।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने गंभीर स्थिति को देखते हुए तीन घायलों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से हायर सेंटर रेफर करने का निर्देश दिया।
गंभीर घायलों में शामिल हैं:
श्री गणेश राम (उम्र 44 वर्ष)
श्रीमती कुसुमा देवी (उम्र 62 वर्ष)
श्रीमती जानकी धामी (उम्र 60 वर्ष)
तीनों को सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। शेष आठ घायल जिला चिकित्सालय चंपावत में हैं, जिनमें से कुछ को हल्की चोटें आई हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान को निर्देश दिए हैं कि जिला चिकित्सालय में भर्ती सभी घायलों को बेहतर इलाज और समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि घायलों को हर संभव चिकित्सीय सुविधा तत्काल और प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए।
उक्त बचाव व राहत कार्यों में मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आनंद अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, मा विधायक प्रतिनिधि चंपावत प्रकाश तिवारी, मा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडेय, जिला महामंत्री भाजपा मुकेश कलखुड़िया, जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ० जी एस खाती, उप जिलाधिकारी चंपावत अनुराग आर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान, तहसीलदार ईश्वर राम, खंड विकास अधिकारी चंपावत अशोक अधिकारी, आदि मौजूद रहे।





