Uncategorized
आदि कैलाश यात्रा में टैक्सी संचालन को लेकर आमने-सामने आए मंडल और स्थानीय संचालक

हल्द्वानी। आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा मार्ग पर टैक्सी संचालन को लेकर विवाद गहरा गया है। एक तरफ जहां धारचूला के स्थानीय चालक अपनी आजीविका बचाने के लिए रूट विभाजन की मांग कर रहे हैं, वहीं महासंघ टैक्सी यूनियन कुमाऊं मण्डल ने वैध परमिटधारी वाहनों को जबरन रोके जाने पर कड़ा ऐतराज जताया है।महासंघ टैक्सी यूनियन कुमाऊं मण्डल ने कुमाऊं आयुक्त को पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। अध्यक्ष ठाकुर सिंह बिष्ट और महासचिव नवल किशोर सहित पदाधिकारियों का आरोप है कि पूरे राज्य का टैक्स चुकाने के बावजूद धारचूला यूनियन द्वारा अन्य जनपदों के वैध वाहनों को जबरन रोका और डराया-धमकाया जा रहा है।
स्थानीय चालकों की चिंताएं
महासंघ ने अवैध वसूली बंद करने, यदि कोई विशेष शासनादेश हो तो उसे सार्वजनिक करने और निर्धारित किराया दरें चस्पा करने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। दूसरी ओर, धारचूला के स्थानीय टैक्सी संचालकों ने उपजिलाधिकारी के जरिए जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को ज्ञापन देकर बाहरी टैक्सियों का संचालन केवल धारचूला तक सीमित करने की गुहार लगाई है।
सुरक्षा की आवश्यकता
स्थानीय चालकों का तर्क है कि चार माह चलने वाली इस यात्रा पर उनकी रोजी-रोटी टिकी है। बाहरी वाहनों के सीधे व्यास, चौदास और दारमा घाटी जाने से स्थानीय रोजगार प्रभावित हो रहा है। साथ ही, विषम भौगोलिक परिस्थितियों और आपात स्थिति में स्थानीय चालकों का अनुभव यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद जरूरी है।






