Uncategorized
आयुर्वेद विश्वविद्यालय के छात्रों ने फिर शुरू किया प्रदर्शन, टंकी पर चढ़े स्टूडेंट्स, ये हैं मांगें

देहरादून आयुर्वेद कॉलेज के छात्रों ने एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। बीती देर रात से हर्रावाला आयुर्वेद विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स प्रदर्शन कर रहे हैं। अपनी मांगें पूरी न होने से आक्रोशित छात्र एक बार फिर पानी की टंकी पर चढ़ गए हैं।
पानी की टंकी पर चढ़े आयुर्वेद विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स
हर्रावाला आयुर्वेद यूनिवर्सिटी के छात्र लंबे समय से लंबित परीक्षा परिणाम जारी करने और परीक्षाएं आयोजित करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही अपनी इंटर्नशिप शुरू करने की मांग को लेकर भी आवाज़ उठा रहे हैं। हाल ही में, छात्रों ने इन मांगों को मनवाने के लिए धरना-प्रदर्शन किया था।
कॉलेज प्रबंधन ने मांगा था 10 दिन का समय
छात्रों की समस्या के समाधान के लिए कॉलेज प्रबंधन ने 10 दिन का समय मांगा था। 10 दिन के आश्वासन की समय सीमा खत्म हो गई है। समाधान नहीं होने से गुस्साए छात्रों ने एक बार फिर आंदोलन शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है यूनिवर्सिटी के 7 छात्र टंकी के ऊपर चढ़ गए हैं।
छात्रों के समर्थन पर आई ज्योति रौतेला
वही इस मामले पर कांग्रेस नेता ज्योति रौतेला का कहना है कि प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स की बात सुनने के लिए कोई भी तैयार नहीं है। ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि वाइस-चांसलर से लेकर रजिस्ट्रार या परीक्षा नियंत्रक तक, कोई भी छात्र-छात्राओं और उनके प्रतिनिधियों से बात करने को तैयार नहीं है।
राजनीति
रौतेला ने धामी सरकार से मांग की है कि तत्काल छात्रों से बातचीत की जाए, उनकी जायज़ मांगों का समाधान किया जाए और टंकी पर चढ़े सभी छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारा जाए। रौतेला ने कहा सरकार को समझना होगा कि छात्रों की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।






