Connect with us

Uncategorized

उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, आज कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी; प्रशासन अलर्ट

 

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। मंगलवार, 1 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने सतर्क रहने की अपील की है। मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आज उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी तेज बारिश और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना है। ऐसे में संवेदनशील और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन तथा सड़क बाधित होने की आशंका बनी हुई है।

लगातार बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। देहरादून में मौसम की स्थिति को देखते हुए मंगलवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। खासकर पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर करने की सलाह दी गई है।

More in Uncategorized

Trending News