Connect with us

Uncategorized

खड़गे की रैली के बाद कथित शुद्धिकरण मामले में पहली FIR, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई रैली के बाद सामने आए कथित शुद्धिकरण के मामले में पुलिस ने पहली एफआईआर दर्ज कर ली है। अधिवक्ता अंजू आर्या की शिकायत के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मामले में जातिगत भेदभाव, सामाजिक अपमान और अनुसूचित जाति के व्यक्ति के प्रति घृणा एवं हीनता का भाव रखने से जुड़े आरोपों को आधार बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 299 के साथ ही एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(R) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
दरअसल, मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी के रामलीला मैदान में रैली के बाद मैदान में कथित तौर पर शुद्धिकरण किए जाने का मामला सामने आया था। घटना को लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। इस मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किए थे।
अब शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र करेंगे। जांच के दौरान पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, शिकायत में लगाए गए आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल करेगी।
एफआईआर दर्ज होने के बाद हल्द्वानी का यह मामला एक बार फिर राजनीतिक रूप से गरमाने के आसार हैं। कांग्रेस इस प्रकरण में लंबे समय से कार्रवाई की मांग करती रही है। अब पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

More in Uncategorized

Trending News