Uncategorized
लगातार हो रही भारी बारिश कारण माँ पूर्णागिरि मुख्य मंदिर बंद, काली मंदिर में हो रहे दर्शन।


संवाददाता-पर्वत प्रेरणा
मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का रेड अलर्ट, सामान्य मौसम होने पर खोला जाएगा मां पूर्णागिरी मंदिर का मुख्य द्वार।
संवाददाता – पर्वत प्रेरणा | टनकपुर
टनकपुर। सीमांत क्षेत्र टनकपुर-पूर्णागिरि सहित जनपद चम्पावत में मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन और मंदिर समिति सतर्क हो गई है। लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर माँ पूर्णागिरि धाम के मुख्य मंदिर को अग्रिम आदेश तक बंद कर दिया गया है।
माँ पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि जनपद चम्पावत में मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसी के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि रखते हुए सामान्य मौसम होने तक मुख्य मंदिर में दर्शन पर रोक लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि धाम में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को निराश नहीं लौटाया जा रहा है। उन्हें काली मंदिर पर दर्शन कराकर सुरक्षित वापस भेजा जा रहा है। साथ ही धाम मार्ग पर भी एहतियात बरतने को कहा गया है।
समिति अध्यक्ष ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि रेड अलर्ट के चलते जब तक मौसम सामान्य नहीं होता, तब तक पूर्णागिरि धाम की यात्रा न करें और जिला प्रशासन व मंदिर समिति द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।






