Connect with us

Uncategorized

यात्रा से पहले एक्शन मोड में प्रशासन, विधायक ने किया ग्राउंड निरीक्षण

केदारनाथ को लेकर शासन-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। बता दें इस साल केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए 22 अप्रैल 2026 को खोल दिए जाएंगे। यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा तैयारियों को युद्धस्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया ।

विधायक ने किया केदारनाथ मार्ग के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण
विधायक ने गुप्तकाशी से गौरीकुंड होते हुए घोड़ापड़ाव तक यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान विधायक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 की स्थिति का अवलोकन करते हुए गुप्तकाशी तिराहा, बड़ासू, खुमेरा, मैंखंडा, व्योगाड़, रामपुर, शेरसी, सोनप्रयाग और मुनकटिया जैसे भूस्खलन एवं भू-धंसाव संभावित संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग पर पड़े मलबे को शीघ्र हटाने, नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा सिंकिंग जोन व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में आवश्यक ट्रीटमेंट और सुरक्षा कार्यों को यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।

विधायक ने लिए सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा
विधायक नौटियाल ने मार्ग पर चट्टानों में फंसे पत्थरों को हटाने, सड़क की मरम्मत (पैचवर्क), झाड़ी कटान, आवश्यक साइनेज, क्रैश बैरियर और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। स्वच्छता व्यवस्था के अंतर्गत उन्होंने यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में शौचालय और मोबाइल टॉयलेट्स की उपलब्धता, महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड डिस्पोजल मशीन, नियमित साफ-सफाई और जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही महत्वपूर्ण स्थलों पर सोलर लाइट की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।

यह भी पढ़ें -  हल्द्वानी नर्सिंग कॉलेज में रैगिंग का आरोप, दाखिले के अगले दिन ही छात्र ने छोड़ा कॉलेज

होटल संचालकों और घोड़ा-खच्चर संचालकों की सुनी समस्या
निरीक्षण के दौरान सीतापुर पार्किंग का भी अवलोकन किया गया, जहां पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा संचालन, मैकेनिक सुविधा, कैंटीन, शौचालय एवं पुलिस चेकपोस्ट की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने तथा विश्राम स्थलों पर बेंच उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। विधायक ने घोड़ापड़ाव तक निरीक्षण के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय होटल संचालकों और घोड़ा-खच्चर संचालकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। साथ ही समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in Uncategorized

Trending News