Uncategorized
एक बार फिर विवादों में आए BJP विधायक सुरेश गढ़िया, महिला ने सोशल मीडिया पर मांगा इंसाफ

उत्तराखंड की राजनीति में चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे नेताओं के आसपास विवादों का शोर भी तेज होता जा रहा है। पहले सल्ट से बीजेपी विधायक महेश जीना सुर्खियों में रहे और अब चर्चा के केंद्र में हैं कपकोट से बीजेपी विधायक सुरेश गढ़िया, लेकिन इस बार मामला एक महिला, एक कथित AI डीपफेक वीडियो, सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोप और न्याय की गुहार के साथ साथ आत्महत्या की धमकी का भी है।
ये है मामला
बागेश्वर जिले के कपकोट की रहने वाली मुन्नी टाकुली उर्फ माही टाकुली नाम की महिला ने हाल ही में एक वीडियो जारी किया था। जिसमें उन्होंने गंभीर आरोप लगते हुए कहा था कि मानीखेत निवासी जगदीश गोस्वामी नाम का शख्स लंबे वक्त से सोशल मीडिया पर उनके बारे में आपत्तिजनक वीडियो बना रहा है। माही का आरोप है कि इन वीडियो में उनका नाम कपकोट से बीजेपी विधायक सुरेश गढ़िया के साथ जोड़ा जा रहा है। इतना ही नहीं, जगदीश गोस्वामी अपने दावों के समर्थन में कथित सबूत होने की बात भी कहता है।
माही टाकुली का दावा है कि साल 2024 में उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से ली गई तस्वीरों का इस्तेमाल कर AI तकनीक के जरिए एक अश्लील डीपफेक वीडियो तैयार किया गया था। यही वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और उसी के जरिए उनका नाम बीजेपी विधायक सुरेश गढ़िया के साथ जोड़ा जाने लगा। उस समय विधायक ने भी इस वीडियो को डीपफेक कंटेंट बताया था। मामला कुछ दिनों तक सुर्खियों में रहा, फिर धीरे-धीरे ठंडा पड़ गया।
मामला दो साल बाद एक बार फिर चुनाव से पहले तूल पकड़ने लगा है। माही टाकुली का कहना है कि आज भी सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कि जा रही है। उन्होंने सोशल मीडिया वीडियो जारी कर न्याय की मांग की है। महिला ने वीडियो में यह तक कह दिया कि अगर उन्हें इंसाफ नहीं मिला तो वे आत्महत्या जैसा कदम उठा लेंगी। माही टाकुली के इस वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
मुझे बदनाम किया जा रहा है: MLA
राजनीतिक गलियारों में चल रही कानाफूसियों के बीच अब बीजेपी विधायक सुरेश गढ़िया का भी बयान सामने आया है। विधायक ने कहा कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया है कि AI डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर उनका नाम इस पूरे विवाद में घसीटा गया।
राजनीति
तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज
उधर महिला की शिकायत के आधार पर कपकोट पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में जगदीश गोस्वामी और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।






