Uncategorized
आज से बंद हो जाएगी जनरथ सेवा, बीएस-4 बसों के प्रवेश पर लगी रोक

हल्द्वानी। बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और ग्रेप के कड़े नियमों के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीएस-4 और उससे पुराने डीजल वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इस सख्ती का असर अब कुमाऊं से दिल्ली रूट पर दिखने लगा है, जिसके चलते परिवहन निगम ने हल्द्वानी और काठगोदाम डिपो से दिल्ली संचालित होने वाली अपनी कई बस सेवाओं को आगामी आदेश तक बंद करने का निर्णय लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, आज रविवार से हल्द्वानी डिपो की लोकप्रिय एसी ‘जनरथ सेवा’ का संचालन पूरी तरह से बंद हो जाएगा, क्योंकि यह बस बीएस-4 मानक के अंतर्गत आती है। इस पाबंदी के कारण इस रूट पर एक साधारण बस पहले ही बंद की जा चुकी है, और अब जनरथ सेवा के पहिए भी थमने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़नी तय हैं।
दूसरी ओर, काठगोदाम डिपो की भी एक और बस इस नियम की चपेट में आने से बंद हो जाएगी। स्थिति यह है कि इस रूट पर पहले ही पांच बसों का संचालन प्रशासनिक कारणों और पुराने एमिशन नॉर्म्स के चलते बंद किया जा चुका है, जिससे दिल्ली रूट की परिवहन व्यवस्था लगातार सिमटती जा रही है। विभाग के पास पहले ही नई बसों का टोटा है।
यात्रियों की आवाजाही पर पड़ने वाले इस असर को लेकर हल्द्वानी डिपो के एआरएम संजय पांडे और काठगोदाम डिपो के एआरएम गणेश पंत ने संयुक्त रूप से इस बात की पुष्टि की है कि नियमों का पालन करते हुए बीएस-4 बसों का संचालन फिलहाल रोक दिया गया है। परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को हो रही असुविधा को कम करने के लिए आगे के विकल्पों पर विचार किया जा रहा है, दिल्ली जाने वाले यात्रियों को निजी वाहनों या अन्य स्वीकृत माध्यमों कासहारा लेना पड़ सकता है।





