Connect with us

Uncategorized

उत्तराखंड में डबल मर्डर से मचा हड़कंप, भतीजे ने लोहे की रॉड से चाचा-चाची को उतारा मौत के घाट

बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील क्षेत्र के नरगोडी गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक भतीजे ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर अपने चाचा और चाची की हत्या कर दी। हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची चाचा की बहू को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उस पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

बागेश्वर में भतीजे ने चाचा-चाची को उतारा मौत के घाट
मिली जानकारी के अनुसार, नरगोडी गांव निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी को निशाना बनाया।

लोहे की रॉड से किया ताबड़तोड़ वार
इसके बाद नीचे के कमरे में पहुंचकर चाचा पूरन चंद्र पर भी लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।इस दौरान चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। चाचा की बहू दर्शनी देवी ने जब बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उस पर भी लोहे की रॉड से तीन-चार वार कर दिए। जान बचाने के लिए दर्शनी अपनी बच्ची को लेकर एक कमरे में बंद हो गई और अंदर से कुंडी लगा ली।

बहू गंभीर रूप से घायल
बाद में वो किसी तरह दूसरी ओर से बाहर निकलने में सफल रही। ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दर्शनी देवी का उपचार जारी है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में श्रमिकों की सेहत पर खतरे के संकेत, बीपी-हार्ट रेट के साथ टीबी की भी जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में तलाश के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी शराब पीने के बाद अक्सर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता था। इससे परिवार के लोग परेशान रहते थे। करीब पांच-छह महीने पहले भी उसके खिलाफ थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। घटना से एक दिन पहले भी आरोपी के व्यवहार को लेकर शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।
डबल मर्डर केस से इलाके में सनसनी
फिलहाल इस जघन्य वारदात के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। दो लोगों की हत्या और एक महिला पर जानलेवा हमले की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in Uncategorized

Trending News