Uncategorized
लालकुआं के टांडा रेंज में हाथी का हमला, दो लोगों को पटक पटक कर मार डाला

मीनाक्षी
लालकुआं से सटे टांडा रेंज के जंगल में हाथी के हमले ने सनसनी फैला दी है। जंगल के भीतर पहाड़ी खत्ते इलाके में हुए इस हमले में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि दोनों मृतक जंगल क्षेत्र में किसी काम से गए हुए थे, तभी अचानक जंगली हाथी से उनका सामना हो गया। गुस्साए हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही फॉरेस्ट विभाग, पुलिस और राजस्व टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का मुआयना किया जा रहा है, साथ ही हाथी की मूवमेंट पर भी नजर रखी जा रही है।
एसडीएम लालकुआं रेखा कोहली ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही आसपास के गांवों और जंगल से सटे क्षेत्रों में फॉरेस्ट टीम को गश्त बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी और अप्रिय घटना को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है
लगातार बढ़ रही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं प्रशासन और वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।







