Connect with us

Uncategorized

हल्द्वानी में गैस सिलिंडर संकट गहराया, 40 हजार से अधिक का बैकलॉग

हल्द्वानी। जिले में घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हुई है। इसकी बड़ी वजह लगातार हो रही बुकिंग के मुकाबले सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हो पाना है। इस कारण बैकलाग बढ़ता जा रहा है और लोगों को कई-कई दिन बाद सिलिंडर मिल रहा है।पूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में सिलिंडर का बैकलाग 40 हजार के पार पहुंच गया है, जबकि इंडेन, भारतगैस और एचपी गैस वितरक कंपनियों को 8,733 सिलिंडर मिले हैं। सरस मार्केट स्थित इंडेन गैस की एजेंसी को आमतौर पर 360 सिलिंडर वाले तीन वाहनों से आपूर्ति होती है, लेकिन मंगलवार को दो और बुधवार को एक ही वाहन सिलिंडर मिला। इसी एजेंसी का बैकलाग छह हजार से ऊपर पहुंच गया है। इसी तरह शीशमहल स्थित इंडेन गैस एजेंसी में बैकलाग 2200, क्षितिज गैस एजेंसी में बैकलाग 2800 पहुंच गया है।
उधर, गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी अभी भी सामान्य नहीं हो पा रही है। क्षेत्र में सिलिंडर बांटने जा रहे वाहनों के चालकों का कहना है कि लोग उनके पीछे-पीछे अपने वाहनों से आ रहे हैं और जहां पर वाहन खड़ा हो रहा है, वहीं सिलिंडर मांग रहे हैं। एक वाहन चालक ने बताया कि बुधवार को दमुवाढूंगा क्षेत्र में सिलिंडर बांटने गई गाड़ी के चालक को लोगों ने घेर लिया। गाड़ी में 44 सिलिंडर थे, जबकि 60 से 70 लोग इकट्ठा हो गए। ऐसे में उन्हें भी सिलिंडर बांटने में परेशानी हो रही है।हालांकि अब सिलिंडर की आनलाइन बुकिंग में पहले से सुधार आया है, लेकिन अभी भी लोग डीएसी जनरेट नहीं होने और घर पर सिलिंडर नहीं मिलने की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। वहीं सरस मार्केट स्थित इंडेन गैस एजेंसी पहुंची गुसाईंपुर निवासी एक महिला ने बताया कि उनके पास सिलिंडर की डिलीवरी का मैसेज आया है, लेकिन उनके घर पर सिलिंडर नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि शिकायत करने पर कार्यालय में उनसे इस बारे में ड्राइवर से बात करने के लिए कहा गया। वह टालमटोल रवैये से नाराज नजर आईं

More in Uncategorized

Trending News