Connect with us

Uncategorized

हल्द्वानी-यहाँ भीषण सड़क हादसा : ड्यूटी पर निकले सिपाही को डंपर ने रौंदा

हल्द्वानी। रुद्रपुर-हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर गुरुवार शाम जो मंजर दिखा, उसने राहगीरों की रूह कंपा दी। हाईवे पर बेलगाम दौड़ते एक डंपर ने टीपी नगर चौकी में तैनात जांबाज सिपाही पुष्कर रौतेला को ऐसी टक्कर मारी कि सड़क खून से लाल हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि सिपाही का दाहिना हाथ मौके पर ही कटकर शरीर से अलग हो गया और सड़क पर जा गिरा।बताया जा रहा है कि सिपाही पुष्कर रौतेला विभागीय कार्य से रुद्रपुर FSL लैब गए थे। शाम को लौटते वक्त बेलबाबा मंदिर के पास ‘मौत’ के डंपर ने एक कार को ओवरटेक करने की कोशिश की। इस अंधी रफ्तार के चक्कर में डंपर सीधे सिपाही की बाइक पर चढ़ गया। मंजर इतना खौफनाक था कि सिपाही का हाथ कटकर सड़क पर पड़ा था और वे तड़प रहे थे। हेलमेट पहनने के बाद भी सिपाही के सिर की हड्डियां बुरी तरह चटक गई हैं।हादसे की खबर मिलते ही हल्द्वानी से लेकर रुद्रपुर तक पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल पुष्कर को सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया, जहाँ हालात बेकाबू होते देख रुद्रपुर से मशहूर न्यूरो सर्जन डॉ. अजय बजाज को इमरजेंसी में बुलाया गया।सनसनीखेज दृश्य तो तब देखने को मिला जब जिले के कप्तान SSP मंजुनाथ टीसी खुद को रोक नहीं पाए। वे प्रोटोकॉल तोड़कर मेडिकल किट पहनकर सीधे ऑपरेशन थिएटर (OT) के अंदर घुस गए। अस्पताल के भीतर अफरा-तफरी का माहौल था, सिपाही को अब तक 5 यूनिट खून चढ़ाया जा चुका है, लेकिन उनकी हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है।अस्पताल में सिपाही की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है; वे अपने पति को देखने के लिए डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों से भिड़ गईं, जिन्हें बमुश्किल शांत कराया गया। दूसरी तरफ, पुलिस ने एक्शन लेते हुए खूनी डंपर को कब्जे में लेकर ड्राइवर को दबोच लिया है।हल्द्वानी में डंपर चालकों का आतंक चरम पर है। अभी 3 दिन पहले कालाढूंगी में एक युवती को मौत की नींद सुलाने वाले डंपरों ने अब पुलिस के ही जवान को अपना शिकार बना लिया। जनता में आक्रोश है कि आखिर इन भारी वाहनों पर नकेल कौन कसेगा?
अपडेट: सिपाही पुष्कर रौतेला अभी भी जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। डॉक्टर हाथ जोड़ने और सिर की चोट को ठीक करने की कोशिश में जुटे हैं।

More in Uncategorized

Trending News