Connect with us

Uncategorized

रुद्रपुर में एलपीजी संकट, सिलिंडर के लिए रात से ही उमड़ी है भीड़, भीड़ हुई बेकाबू पुलिस-पीएसी तैनात

रुद्रपुर – शहर में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। काशीपुर बाईपास स्थित गैस एजेंसियों पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो दिन बाद सिलिंडर की गाड़ी पहुंची। सिलिंडर लेने के लिए उमड़ी भारी भीड़ बेकाबू हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस और पीएसी को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, एलपीजी सिलिंडर की कमी के चलते उपभोक्ता पिछले कई दिनों से परेशान हैं। सोमवार को सिलिंडर मिलने की सूचना पर लोग देर रात करीब दो बजे से ही लाइन में लग गए। सुबह होते-होते एजेंसी के बाहर लंबी कतारें लग गईं और भीड़ बढ़ती चली गई।

जैसे ही गैस सिलिंडर से भरी गाड़ी एजेंसी पहुंची, उपभोक्ताओं में पहले सिलिंडर लेने की होड़ मच गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोग गेट के अंदर घुसने के लिए धक्का-मुक्की करने लगे। हालात को देखते हुए आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस और पीएसी को मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने किसी तरह व्यवस्था संभालते हुए उपभोक्ताओं को लाइन से अंदर भेजा।

कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वे पिछले तीन से चार दिनों से सिलिंडर के लिए लाइन में लग रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें गैस नहीं मिल पाई है। कई परिवारों में सिलिंडर खत्म हो चुके हैं, जिससे लोग मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं। शाम तक भी बड़ी संख्या में लोग बिना सिलिंडर लिए निराश लौट गए।

एजेंसी के बाहर बुजुर्गों की भी लंबी कतार देखने को मिली। कई बुजुर्ग अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहे। वहीं महिलाओं की संख्या भी अधिक रही। कई महिलाओं ने बताया कि वे सुबह पांच बजे से लाइन में खड़ी हैं, लेकिन देर शाम तक भी उनकी बारी नहीं आई। विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के चलते आपूर्ति प्रभावित होने से यह संकट गहरा गया है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आपूर्ति को सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

More in Uncategorized

Trending News