Connect with us

Uncategorized

हल्द्वानी: ऑपरेशन प्रहार में पुलिस को बड़ी सफलता, 66 लाख की स्मैक के साथ तस्कर विजय नेगी गिरफ्तार…

मीनाक्षी

हल्द्वानी: जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। युवाओं में नशे का जहर घोलने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी डॉ. जगदीश चन्द्रा और क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में 14 अप्रैल 2026 को कोतवाली हल्द्वानी और एसओजी टीम ने भोटिया पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 221 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 66 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह नेगी (35) पुत्र स्व. राम सिंह, निवासी ग्राम बैड़ा, थाना द्वाराहाट, जिला अल्मोड़ा (वर्तमान पता: गंगा कॉलोनी, हल्द्वानी) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 14,520 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले भी मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं।
इस सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 1500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुलिस का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।

More in Uncategorized

Trending News