Connect with us

Uncategorized

उत्तराखंड में 10 हजार युवाओं को रोजगार देने की तैयारी, चार माह में होंगे चार विशेष रोजगार मेले

 

उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए बड़ा कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से अगले चार महीनों में प्रदेशभर में चार विशेष रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों के माध्यम से करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। 

चार माह में होंगे चार विशेष रोजगार मेले

रोजगार मेलों का आयोजन श्रीनगर, देहरादून, काशीपुर और अल्मोड़ा में किया जाएगा। इनमें देश-विदेश की बहुराष्ट्रीय कंपनियों समेत विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा, जिससे युवाओं को उनकी योग्यता और तकनीकी दक्षता के अनुरूप रोजगार के अवसर मिल सकें।

मंत्री ने दिए तैयारियां तेज करने के निर्देश

तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को रोजगार मेलों की तैयारियां तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों में केवल पॉलीटेक्निक, आईटीआई और इंजीनियरिंग कॉलेजों के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को ही नहीं, बल्कि पासआउट युवाओं को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर रहेगा फोकस

सरकार का फोकस ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर भी रहेगा। इसके लिए जल्द ही निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवा रोजगार मेलों में भाग ले सकें। रोजगार मेलों में विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग भी भागीदारी करेंगे।

उत्तराखंड में 10 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

सरकार के अनुसार, प्रदेश में अब तक करीब 42 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। अब अगले चार महीनों में 10 हजार और युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकार का कहना है कि इन रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को प्रदेश में ही नहीं, बल्कि देश की प्रमुख कंपनियों में भी रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

More in Uncategorized

Trending News