Connect with us

Uncategorized

उत्तराखंड लोअर पीसीएस के 54 पदों पर भर्ती…आवेदन शुरू, 26 नवंबर तक मौका

देहरादून। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उत्तराखंड के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने लोअर पीसीएस-2026 का भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। प्रदेश के विभिन्न विभागों में नायब तहसीलदार, आबकारी निरीक्षक, पूर्ति निरीक्षक और विपणन निरीक्षक समेत आठ श्रेणियों के 54 पदों पर भर्ती की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया छह नवंबर से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
भर्ती में सबसे अधिक 20 पद विपणन निरीक्षक के निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा नायब तहसीलदार के 13, श्रम प्रवर्तन अधिकारी और कर अधिकारी के पांच-पांच, आबकारी निरीक्षक और गन्ना विकास निरीक्षक के चार-चार, पूर्ति निरीक्षक के दो तथा ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक का एक पद शामिल है।

19 शहरों में होगी प्रारंभिक परीक्षा
आयोग की ओर से प्रारंभिक परीक्षा प्रदेश के 19 शहरों में आयोजित की जाएगी। इसमें अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, चंपावत, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, रुद्रपुर, खटीमा, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और रुद्रप्रयाग को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
प्रारंभिक परीक्षा 150 अंकों की होगी। इसमें 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

600 अंकों की मुख्य परीक्षा, 75 अंक का साक्षात्कार
लोअर पीसीएस की मुख्य परीक्षा में चार प्रश्नपत्र होंगे। भाषा एवं सामान्य हिंदी का प्रश्नपत्र 100 अंकों का होगा। निबंध के लिए भी 100 अंक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य अध्ययन प्रथम और सामान्य अध्ययन द्वितीय के प्रश्नपत्र 200-200 अंकों के होंगे।
इस तरह मुख्य परीक्षा कुल 600 अंकों की होगी। इसके बाद 75 अंकों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर अभ्यर्थियों की अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी होगी।
आवेदन शुल्क और महत्वपूर्ण तिथियां
अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए 166.36 रुपये शुल्क देना होगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 76.36 रुपये निर्धारित किया गया है।

यह भी पढ़ें -  हल्द्वानी - दुष्कर्म के मुकदमे में गवाही देने पर महिला और परिवार को जान से मारने की धमकी, मुकदमा हुआ दर्ज

भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 06 नवंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 26 नवंबर 2026
आवेदन पत्र में संशोधन: 03 से 12 दिसंबर 2026
किस पद पर कितनी भर्ती
पदनाम पदों की संख्या
नायब तहसीलदार 13
आबकारी निरीक्षक 04
पूर्ति निरीक्षक 02
विपणन निरीक्षक 20
श्रम प्रवर्तन अधिकारी 05
कर अधिकारी 05
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक 01
गन्ना विकास निरीक्षक 04
कुल पद 54
लोअर पीसीएस भर्ती के विज्ञापन के जारी होने से प्रदेश में प्रशासनिक और विभागीय सेवाओं में जाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अवसर मिला है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समयसीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in Uncategorized

Trending News