Uncategorized
हल्द्वानी – दुष्कर्म के मुकदमे में गवाही देने पर महिला और परिवार को जान से मारने की धमकी, मुकदमा हुआ दर्ज

हल्द्वानी – दुष्कर्म के मुकदमे में गवाही देने पर आरोपित ने महिला और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। आरोप है कि जेल से छूटने के बाद से ही आरोपित फोन कॉल और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से महिला को लगातार परेशान कर रहा है। महिला की शिकायत पर बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2024 में उसकी पहचान मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र निवासी मुनेश सैनी से हुई थी। आरोप है कि एक जून 2026 को मुनेश उसे मुरादाबाद के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में महिला की शिकायत पर भोजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।महिला के अनुसार, 24 जुलाई को जेल से छूटने के बाद आरोपित ने उसे फेसबुक की अलग-अलग आईडी और फोन कॉल के माध्यम से धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि 21 अक्टूबर को भी आरोपित ने फोन कर गालीगलौज की और मुकदमे में गवाही देने पर महिला समेत उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा इंस्टाग्राम पर नई आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट भी किए।महिला ने पुलिस को बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के चलते वह डरी हुई है। उसे अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता है। धमकियों के कारण वह मुरादाबाद जाकर मुकदमे की पैरवी करने से भी डर रही है। महिला ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है





