Uncategorized
गदरपुर कांग्रेस में टिकट को लेकर बढ़ी हलचल, विर्क ने उठाई जिताऊ प्रत्याशी को टिकट देने की मांग

गदरपुर विधानसभा सीट पर 2027 के चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकट की दावेदारी के बीच अब अंदरूनी गुटबाजी का मुद्दा सामने आया है। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष जगदीप सिंह विर्क ने प्रेस वार्ता कर पार्टी नेतृत्व से इस बार मजबूत और जीतने वाले प्रत्याशी को टिकट देने की मांग की है।
2027 से पहले गदरपुर कांग्रेस में उठी टिकट की मांग
विर्क का कहना है कि गदरपुर सीट को कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है, लेकिन उत्तराखंड बनने के बाद कांग्रेस यहां लगातार जीत दर्ज नहीं कर पाई। उन्होंने इसके पीछे पार्टी के भीतर की गुटबाजी और टिकट वितरण को बड़ा कारण बताया। विर्क के मुताबिक, चुनाव के समय कई नेता टिकट की दावेदारी करते हैं, लेकिन एक प्रत्याशी को टिकट मिलने के बाद बाकी दावेदारों के अलग-अलग रास्ते अपनाने से पार्टी को नुकसान होता है और इसका सीधा फायदा भाजपा को मिलता है।
इस बार जिताऊ प्रत्याशी को मिले टिकट: विर्क
जिला अध्यक्ष जगदीप सिंह विर्क ने कांग्रेस संगठन के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से अपील की है कि इस बार जमीनी स्तर पर मजबूत और जीतने वाले उम्मीदवार को ही टिकट दिया जाए। उनका कहना है कि अगर फिर से टिकट वितरण में कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नजरअंदाज किया गया तो पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ सकती है और 2027 में भी भाजपा को इसका फायदा मिल सकता है





