Uncategorized
हल्द्वानी के बाजारों पर पुलिस का पहरा! ड्रोन से निगरानी, 133 कैमरों की नजर में रहेंगे बाजार, 8 जगह दमकल तैनात

हल्द्वानी न्यूज़– धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। कुमाऊं के सबसे बड़े व्यापारिक केंद्र हल्द्वानी में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस ड्रोन कैमरों के साथ ही शहर में लगे 133 सीसीटीवी कैमरों की मदद लेगी। खास बात यह है कि पुलिस अधिकारी अपने मोबाइल फोन के जरिए भी बाजारों की गतिविधियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की निगरानी कर सकेंगे।
त्योहारों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे शहर को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी सर्किल ऑफिसर (CO) को सौंपी गई है, जबकि सेक्टरों में थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
आभूषण शोरूम और सराफा बाजारों पर विशेष नजर
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि धनतेरस पर सराफा दुकानों और आभूषण शोरूमों में बड़ी संख्या में खरीदारों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में तैनात रहेंगी महिला पुलिसकर्मी
बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये पुलिसकर्मी भीड़ के बीच रहकर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखेंगी, ताकि महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ और अन्य घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इन प्रमुख बाजारों में रहेगी विशेष निगरानी
* पटेल चौक
* मीरा मार्ग
* सदर बाजार
* नैनीताल रोड
स्टंटबाजों पर शिकंजा, 24 घंटे तैनात रहेगी पुलिस
त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। बाइक और कार से स्टंटबाजी करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए चिन्हित स्थानों पर 24 घंटे पुलिस पिकेट तैनात रहेगी। पुलिस का उद्देश्य बाजारों में भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और हुड़दंग करने वालों पर सख्ती करना है।
आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए 8 जगह दमकल की गाड़ियां
पिछली आगजनी की घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट रखा गया है। सुरक्षा के मद्देनजर शहर के आठ प्रमुख स्थानों पर दमकल की गाड़ियां पहले से तैनात कर दी गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके। गुरुवार से ही पुलिस बल बाजारों और प्रमुख मार्गों पर मुस्तैद है।
त्योहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि लोग बिना किसी परेशानी के सुरक्षित माहौल में धनतेरस और दीपावली की खरीदारी कर सकें।





