Connect with us

Uncategorized

हल्द्वानी में सनसनीखेज वारदात, सगे भाई ने भाई की पीट-पीटकर की हत्या

मीनाक्षी

बरेली रोड क्षेत्र में पारिवारिक विवाद बना खूनी संघर्ष, आरोपी पूर्व में भी काट चुका है हत्या की सजा

हल्द्वानी। हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने भाई-भाई के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने ही छोटे भाई की बेरहमी से स्टील के लोटे से मुंह और सिर पर वार कर पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, राम मंदिर बगीचा बरेली रोड निवासी संदीप जायसवाल पुत्र स्व. लल्लन प्रसाद जायसवाल मंगलवार रात करीब 11 बजे घर पहुंचा। आरोप है कि घर आते ही उसने अपने छोटे भाई 42 वर्षीय सोनू जायसवाल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। संदीप ने पास में पड़ा स्टील का लौटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर कई बार वार किए और उसे तखत पर पटक-पटक कर बेरहमी से पीटा।

घटना के दौरान घर में मौजूद परिजनों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपित ने सभी को जान से मारने की धमकी देते हुए कमरे में बंद कर दिया। परिजनों का आरोप है कि संदीप लगातार सोनू को पीटता रहा, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
कुछ देर बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित पीछे के रास्ते से फरार हो चुका था। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सोनू जायसवाल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें -  प्रेम नगर नंदा की चौकी के पास बना अस्थाई पुल बहा, वाहनों की आवाजाही बंद

भतीजे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज
मृतक के भतीजे अंकित जायसवाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी संदीप जायसवाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिससे परिवार पहले से ही भयभीत था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता ने बताया कि छोटे भाई की हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन के पास से 32 बोर के तमंचे के साथ पकड़ लिया। आरोपी फिलहाल हिरासत में है और उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद बरेली रोड क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है। लोग इस नृशंस वारदात से स्तब्ध हैं और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं।

More in Uncategorized

Trending News