Connect with us

Uncategorized

दामाद ने ससुर की धारदार हथियार से की निर्मम हत्या, पत्नी के साथ फरार; पुलिस तलाश में जुटी,देखे वीडियो

दन्या (अल्मोड़ा)। अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी विकासखंड के सेली गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। हरियाणा से आए एक युवक ने अपने ससुर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी पत्नी, जो मृतक की बड़ी बेटी है, के साथ फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से हरियाणा में रहने वाले चंद्रशेखर पांडेय (52) कुछ समय पहले अपने पैतृक गांव सेली लौटे थे और खेती-बाड़ी कर रहे थे। इसी वर्ष अप्रैल माह में उन्होंने अपनी बड़ी बेटी का विवाह हरियाणा निवासी धर्मवीर के साथ किया था। शनिवार, 20 जून को धर्मवीर अपनी पत्नी के साथ सेली गांव पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि रविवार को किसी बात को लेकर विवाद के बाद धर्मवीर ने अचानक अपने ससुर चंद्रशेखर पांडेय पर धारदार हथियार (पाटल) से हमला कर दिया। आरोपी ने एक दर्जन से अधिक वार किए, जिससे उनके हाथ-पैर की हड्डियां टूट गईं और सिर पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी दामाद और उसकी पत्नी ने घर में मौजूद मृतक की पत्नी और अन्य बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए।

रविवार रात ग्रामीणों और परिजनों ने किसी तरह बंद कमरे से बाहर निकलकर चंद्रशेखर पांडेय को गंभीर अवस्था में पाया। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव और सिर की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर के कारण उनकी मौत हुई।

यह भी पढ़ें -  4,400 श्रमिकों के खाते में पहुंचे 11 करोड़, सीएम धामी ने किए DBT ट्रांसफर

दन्या थाना प्रभारी दिनेश नाथ महंत ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या को अत्यंत क्रूर और सुनियोजित माना जा रहा है। फरार आरोपी धर्मवीर और उसकी पत्नी की तलाश में पुलिस टीम सेली गांव और आसपास के क्षेत्रों में दबिश दे रही है। साथ ही उत्तराखंड पुलिस ने हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया है ताकि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा होने की संभावना है।

Ad

More in Uncategorized

Trending News