Uncategorized
उत्तराखंड-नेपाल सीमा के पास दर्दनाक हादसा बरातियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 घायल
पर्वत प्रेरणा संवाददाता
उत्तराखंड-नेपाल सीमा से लगे नेपाल के बैतडी जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बरातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बस बैतडी जिले की पुरचूंणी नगरपालिका-7 स्थित भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। रात्रि के समय पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ के पास चढ़ाई के दौरान बस संतुलन खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी।
रात्रि में चला रेस्क्यू ऑपरेशन
जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद नेपाल एपीएफ, प्रहरी बल और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। अंधेरा और दुर्गम इलाका होने के बावजूद घायलों को बाहर निकाला गया।
उन्होंने बताया कि 6 बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई
5 की मौत डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान हुई
2 बरातियों ने कोटिला अस्पताल में दम तोड़ा।
मृतकों में 13 वर्षीय मासूम भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में एक 13 वर्षीय किशोर भी शामिल है।
मृतकों की पहचान
बजांग बित्थड चीर गांव पालिका निवासी:
केशव राज जोशी (40)
अशोक राज जोशी (13)
बसंत राज जोशी (35)
विष्णु दत्त जोशी (41)
नरेश राज जोशी (42)
बिशन दत्त जोशी (17)
दीपक जोशी (28) किशन जोशी (46)
बजांग केदारस्यु गांव पालिका निवासी:
मोहन देव भट्ट (60) केशव भट्ट (27)
बजांग जय पृथ्वी नगरपालिका निवासी:
बसंत राज रतला (40)
बैतडी पुरचूंणी नगरपालिका निवासी:
पुष्पा अवस्थी (40) सुशील जोशी
अधिक सवारियां और चढ़ाई बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में क्षमता से अधिक बराती सवार थे। चढ़ाई के दौरान बस आगे नहीं बढ़ सकी और पीछे की ओर फिसलते हुए खाई में गिर गई।
घायलों का इलाज जारी
25 घायलों को डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है
5 गंभीर घायलों को धनगढ़ी रेफर किया गया है
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।








