Uncategorized
पत्नी के मायके जाने से परेशान युवक ने की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव

मीनाक्षी
रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव उसके कमरे में छत के पंखे से लटका हुआ मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। आवास विकास वार्ड संख्या 37 गोविंद नगर निवासी समीर सरकार (32) पुत्र तपन सरकार सब्जी मंडी में चाय की दुकान चलाता था। वह किराए के कमरे में पत्नी और बेटे के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि समीर और उसकी पत्नी सुमित्रा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, होली के बाद से उसकी पत्नी अपने बेटे के साथ मायके हस्तिनापुर (मेरठ) में रह रही थी। पत्नी के अलग रहने के कारण समीर पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। वह रोजाना खाना खाने अपने माता-पिता के घर जाता था, लेकिन शुक्रवार रात वह वहां नहीं पहुंचा और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई तो पिता ने छोटे बेटे देव सरकार को समीर के कमरे पर भेजा। कमरे का दरवाजा खोलते ही समीर का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गया और तुरंत परिजनों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक महेश कांडपाल, मनोज जलाल और कांस्टेबल चंदन सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ प्रशांत कुमार के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।







