Uncategorized
हल्द्वानी की ललिता की दो कृतियां होंगी किशनगढ़ में लॉन्च

किशनगढ़, अजमेर । संपर्क संस्थान अपनी 25 वर्षों की साहित्यिक यात्रा के उपलक्ष्य में 8 और 9 अगस्त 2026 को किशनगढ़ में दो दिवसीय राष्ट्रीय रजत जयंती महोत्सव आयोजित करेगा। महोत्सव में हल्द्वानी निवासी साहित्यकार ललिता कापड़ी की दो पुस्तकों का गरिमामय लोकार्पण होगा।
लोकार्पित होने वाली कृतियों में काव्य संग्रह ‘मैं ख्वाब देखती हूँ’ और आलेख संग्रह ‘ठहर कर देखो जरा’ शामिल हैं। ‘मैं ख्वाब देखती हूँ’ को उत्तराखंड सरकार से साहित्यिक अनुदान प्राप्त है।काव्य संग्रह में सपनों, संवेदनाओं और जीवन-संघर्षों को कविताओं के माध्यम से पिरोया गया है, जबकि आलेख संग्रह में समाज, रिश्तों और समकालीन मुद्दों पर चिंतनपरक लेख हैं।
लंबे समय से शिक्षा एवं साहित्य से जुड़ी ललिता कापड़ी हिंदी एवं संस्कृत शिक्षण के साथ सृजन कार्य भी कर रही हैं। देशभर के साहित्यकारों और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में होने वाला यह विमोचन उनके साहित्यिक सफर का अहम पड़ाव माना जा रहा है। महोत्सव में साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विविध कार्यक्रम भी होंगे।






