Uncategorized
दो जवान लापता हुए, अब जंगल में मिले शव! सिर और पीठ पर गोली के निशान, हथियार भी गायब

जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के किश्तवाड़ जिले में आतंकियों ने घात लगाकर दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) की हत्या कर दी। डाच्छन-मरवाह के दूरदराज इलाके में गश्त के दौरान लापता हुए दोनों जवानों के शव गुरुवार सुबह ढेरना टॉप इलाके से बरामद किए गए। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रशपाल कुमार और 54 वर्षीय बाबी चंद के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। एक जवान के सिर पर और दूसरे की पीठ पर गोली लगी थी। आशंका है कि इलाके में पहले से घात लगाए बैठे आतंकियों ने दोनों पर हमला किया और उनकी हत्या करने के बाद उनके हथियार भी लेकर फरार हो गए।
ड्यूटी पर तैनात साथियों को राहत देने जा रहे थे दोनों
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रशपाल कुमार और बाबी चंद सेना के साथ गश्त ड्यूटी पर थे। दोनों ढेरना पोस्ट पर तैनात अपने दो साथियों को राहत देने के लिए वहां जा रहे थे। इसी दौरान वे अचानक लापता हो गए। बताया जा रहा है कि इलाके में दिन के समय गोलियां चलने की आवाजें भी सुनी गई थीं।
जब दोनों जवान काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई। शुरुआत में उनके मोबाइल फोन चालू थे और उन पर संपर्क भी हो पा रहा था, लेकिन कुछ समय बाद दोनों के फोन बंद हो गए। इससे सुरक्षा अधिकारियों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया।
सिर और पीठ पर गोली के निशान, हथियार भी गायब
कई घंटों तक चले तलाशी अभियान के बाद गुरुवार सुबह सर्च टीम को दोनों जवानों के शव ढेरना टॉप इलाके से मिले। शुरुआती जांच में सामने आया कि एक जवान के सिर पर गोली लगी थी, जबकि दूसरे की पीठ पर गोली का निशान था। इससे आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों ने घात लगाकर दोनों पर गोलीबारी की।
दोनों जवानों के पास आईएनएसएएस (INSAS) और .303 राइफलें थीं, लेकिन शव बरामद होने के बाद ये हथियार गायब मिले। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आतंकियों ने जवानों की हत्या करने के बाद उनके हथियार भी अपने कब्जे में ले लिए और मौके से फरार हो गए।
हत्यारों की तलाश में तेज किया गया संयुक्त ऑपरेशन
दोनों एसपीओ की हत्या के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान (Joint Search Operation) तेज कर दिया है। हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जंगलों और आसपास के दुर्गम इलाकों में तलाशी ली जा रही है।
किश्तवाड़ जिले का यह इलाका दूरदराज और जंगलों से घिरा हुआ है। यहां बचे हुए आतंकियों की मौजूदगी खत्म करने के लिए सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं। पिछले कुछ समय में कई आतंकियों को मार गिराया गया है, जिससे जिले में उनकी सक्रिय मौजूदगी कमजोर हुई है। इसके बावजूद इस घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
16 अक्टूबर को भी मिला था एक SPO का शव
किश्तवाड़ में यह घटना ऐसे समय हुई है, जब कुछ सप्ताह पहले ही एक अन्य एसपीओ की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। 16 अक्टूबर को 55 वर्षीय बशीर अहमद का शव वानीपोरा त्रिगाम इलाके में उनके घर के पास मिला था।
बशीर अहमद पेडिल पुलिस पोस्ट पर तैनात थे। वह ड्यूटी से घर लौटते समय अपनी सर्विस राइफल एसएलआर (SLR) और मैगजीन के साथ लापता हो गए थे। बाद में पुलिस की जांच में सामने आया कि जमीन विवाद को लेकर उनके रिश्तेदारों ने उनकी हत्या की थी।
अब किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या के बाद सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस और सुरक्षाबलों का संयुक्त अभियान जारी है





