Connect with us

Uncategorized

देहरादून में बेकाबू सिटी बस का कहर, सड़क किनारे चल रहे छह लोगों को कुचला; चालक हिरासत में

देहरादून। पटेलनगर के लालपुर क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। एक तेज रफ्तार सिटी बस ने सड़क किनारे चल रहे छह लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घायलों को सड़क पर तड़पता देख लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे लोगों से जा टकराई। बताया जा रहा है कि बस चालक को अचानक दौरा पड़ गया था, जिसके बाद वाहन पर नियंत्रण नहीं रह पाया। घटना के बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।

हादसा इतना भयावह था कि मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों की मदद शुरू की, लेकिन शुरुआत में कोई वाहन चालक घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तैयार नहीं हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस को राह चलते वाहनों को रुकवाकर घायलों को अस्पताल भेजना पड़ा।

बताया जा रहा है कि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए ई-रिक्शा और ऑटो से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कई लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद क्षेत्र में लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें -  बनबसा में गौवंश के साथ आपत्तिजनक हरकत का आरोप, शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

More in Uncategorized

Trending News