Uncategorized
अल्मोड़ा के सोमेश्वर में बड़ा हादसा: अतिवृष्टि में आवासीय मकान ढहा, मलबे में दबकर परिवार के तीन लोगों की मौत

अल्मोड़ा। जिले के सोमेश्वर तहसील क्षेत्र में मंगलवार तड़के भारी बारिश और अतिवृष्टि के चलते एक आवासीय भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मकान के अंदर सो रहे परिवार के तीन लोगों की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र अल्मोड़ा की ओर से जारी एक्शन टेकन रिपोर्ट के अनुसार, घटना 1 सितंबर 2026 की सुबह करीब 3:30 बजे सोमेश्वर तहसील के ग्राम सभा बड्यूडा, राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र पातलीबगड़ में हुई। अत्यधिक बारिश के कारण आवासीय भवन अचानक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में राजेंद्र राम के परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई है। मृतकों में प्रेमा देवी पत्नी राजेंद्र राम (42 वर्ष), कल्पना आर्या पुत्री राजेंद्र राम (19 वर्ष) और मनीष कुमार पुत्र राजेंद्र राम (18 वर्ष) शामिल हैं।
सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस, फायर टीम, राजस्व विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मलबे से तीनों शवों को बाहर निकाला गया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार घटना में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। घटना की सूचना राजस्व उपनिरीक्षक पातलीबगड़ की ओर से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि सूचना में किसी प्रकार का संशोधन होने पर अलग से जानकारी दी जाएगी






