Uncategorized
कोटद्वार में दर्दनाक हादसा: सड़क किनारे खेल रहे दो बच्चों को कार ने कुचला, एक की मौत

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के घमंडपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 10 वर्षीय वंश चौहान की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय लक्ष्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब पौने आठ बजे की है। दोनों बच्चे घर से खेलने के लिए निकले थे। घमंडपुर स्थित एक वेडिंग प्वाइंट के बाहर बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर वेडिंग प्वाइंट के भीतर घुस गई और दोनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाई।
मृतक के परिवार में पसरा मातम
हादसे में जान गंवाने वाला वंश चौहान (10) दुर्गापुरी निवासी संदीप कुमार का बेटा था। वहीं, घायल लक्ष्य (12) प्रदीप का पुत्र है। लक्ष्य की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए देहरादून रेफर किया गया है।इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है






