Connect with us

Uncategorized

उत्तराखंड में शीतलहर का अलर्ट!, मार्च तक पहाड़ी क्षेत्रों में जमा होगा राशन और ईंधन

उत्तराखंड में सर्दियों के दौरान शीतलहर और पाले की संभावित स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक के निर्देश पर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। नक्शेदेखें

शीतलहर के दौरान जनसुरक्षा को प्राथमिकता देने के दिए निर्देश
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री और आपदा प्रबंधन मंत्री ने शीतलहर के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों को अपना कोल्ड वेव एक्शन प्लान अपडेट रखने और संबंधित विभागों की जिम्मेदारियां तय करने को कहा गया है। जिला, तहसील, विकासखंड और ग्राम स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दलों को सक्रिय रखा जाएगा। साथ ही सभी संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नामित कर उनके संपर्क विवरण आपातकालीन परिचालन केंद्रों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

शीतलहर प्रभावित क्षेत्रों की होगी पहचान
प्राधिकरण ने जिलों को उन क्षेत्रों को पहले से चिह्नित करने को कहा है, जहां शीतलहर, पाला, बर्फबारी और अत्यधिक कम तापमान का अधिक असर पड़ता है। खासतौर पर उच्च हिमालयी, दुर्गम और दूरस्थ इलाकों पर ध्यान दिया जाएगा। इन क्षेत्रों में सड़क संपर्क बाधित होने और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जरूरी संसाधनों की व्यवस्था पहले से की जाएगी।

बुजुर्गों और जरूरतमंदों को मिलेगी राहत
शीतलहर के दौरान सबसे अधिक प्रभावित होने वाले लोगों की पहचान कर उनकी निगरानी की जाएगी। इसमें बुजुर्ग, अकेले रहने वाले व्यक्ति, नवजात और छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, दिव्यांगजन, गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग, बेघर और खुले में रहने वाले श्रमिकों के साथ कमजोर एवं गरीब परिवार शामिल हैं। जरूरत के अनुसार इन लोगों को गर्म कपड़े, कंबल, भोजन और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं का डाटाबेस तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  हल्द्वानी के होटल में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, ABVP प्रत्याशी समेत चार गिरफ्तार

रैन बसेरों और अलाव की होगी व्यवस्था
ठंड से बचाव के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार रैन बसेरों और अस्थायी आश्रय स्थलों की व्यवस्था की जाएगी। यहां हीटर, गर्म पानी, रोशनी, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, अत्यधिक ठंड वाले इलाकों में सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, बस अड्डों, अस्पतालों और श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में अलाव जलाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए पर्याप्त ईंधन उपलब्ध रखने और अलाव के सुरक्षित संचालन की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

अस्पतालों में दवाओं और एंबुलेंस की रहेगी पर्याप्त व्यवस्था
शीतलहर के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष तैयारी करने को कहा गया है। जिला अस्पतालों, उप जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण किया जाएगा। चिकित्सा दलों और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ मोबाइल चिकित्सा दल भी तैयार रखे जाएंगे। ठंड के कारण होने वाली हाइपोथर्मिया और फ्रॉस्टबाइट जैसी समस्याओं के मामलों की पहचान और तत्काल उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पाला और बर्फबारी से प्रभावित सड़कों पर रहेगी नजर
सड़क और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पाला और बर्फबारी से प्रभावित होने वाले मार्गों को पहले से चिह्नित किया जाएगा। इन मार्गों पर सड़क खोलने वाली मशीनरी और आवश्यक उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे। इसके अलावा पालाग्रस्त क्षेत्रों में सड़कों पर चूने और नमक का नियमित छिड़काव किया जाएगा, ताकि फिसलन से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए मशीनरी और संसाधनों की अग्रिम तैनाती भी की जाएगी।

यह भी पढ़ें -  स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड के इस शहर ने रचा इतिहास!, हिमालयी राज्यों में बना नंबर वन

मार्च तक खाद्यान्न और ईंधन का पर्याप्त भंडारण
दूरस्थ और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण सड़क संपर्क बाधित होने की आशंका को देखते हुए खाद्य सामग्री और ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे क्षेत्रों में मार्च माह तक पर्याप्त खाद्यान्न, डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेंडर और दैनिक उपयोग की अन्य जरूरी वस्तुओं का भंडारण पहले से किया जाएगा, ताकि बर्फबारी के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in Uncategorized

Trending News