Connect with us

Uncategorized

गौला पुल से उफनती नदी में कूदा बुजुर्गः राहगीर ने पूछा- ‘चचा भीग क्यों रहे हो?’, मुस्कुराए और लगा दी छलांग, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल

रिपोर्ट मीनाक्षी

कुमाऊं में जारी मूसलाधार बारिश और उफनती नदियों के बीच काठगोदाम से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां स्थित गौला बायपास पुल से 65 वर्षीय बुजुर्ग राम सिंह कोरंगा ने उफनती गौला नदी में छलांग लगा दी। हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक राहगीर राम सिंह से पूछता दिख रहा है, “चचा बारिश में क्यों भीग रहे हो?” इस पर बुजुर्ग ने केवल एक हल्की सी मुस्कान बिखेरी और अगले ही पल नदी में कूद गए।

1 साल से बेरोजगार पारिवारिक विवाद आया सामने

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बिंदुखत्ता शास्त्रीनगर निवासी राम सिंह पहले टैक्सी चलाते थे। करीब एक साल पूर्व तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने काम छोड़ दिया था और तब से बेरोजगार थे।

परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। एक बेटा सेना में अग्निवीर है, जबकि दूसरा निजी कंपनी में कार्यरत है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घर में पारिवारिक विवाद हुआ था, जिसके बाद वे गुस्से में घर से निकल गए थे।
गोवा से रिश्तेदार ने फोन कर परिजनों को दी खबर

घटना के वक्त पुल से गुजर रहे एक राहगीर ने राम सिंह को भीगते देख वीडियो बनाया था। बुजुर्ग के नदी में कूदते ही उसने वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। यह वीडियो देखते ही देखते वायरल होकर गोवा में रह रहे राम सिंह के एक रिश्तेदार तक पहुंच गया। रिश्तेदार ने तुरंत बिंदुखत्ता स्थित परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन बदहवास हालत में काठगोदाम थाने पहुंचे और वीडियो के आधार पर पहचान की।

यह भी पढ़ें -  12 अक्टूबर को भी बिगड़ा रहेगा मौसम, IMD ने देहरादून समेत इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट

उफनती नदी में SDRF की तलाश जारी

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, लगातार बारिश के कारण गौला नदी का जलस्तर और बहाव बेहद तेज है, जिससे बुजुर्ग को ढूंढने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी ने बताया की सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर परिजनों ने राम सिंह की पहचान कर ली है। परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। नदी का बहाव काफी तेज होने से तलाश में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन SDRF की टीम लगातार रेस्क्यू में जुटी हुई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in Uncategorized

Trending News