Connect with us

Uncategorized

हादसा: बदरीनाथ हाईवे पर पलटा टेंपो ट्रैवलर, महिला श्रद्धालु की मौत, 17 घायल

 

चमोली। उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के बीच शुक्रवार तड़के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोशीमठ के समीप पैनी क्षेत्र में गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर में चालक समेत कुल 18 यात्री सवार थे। वाहन गाजियाबाद से श्रद्धालुओं को लेकर बदरीनाथ धाम की ओर जा रहा था। इसी दौरान जोशीमठ के पास पैनी क्षेत्र में वाहन चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया और टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे में गाजियाबाद निवासी महिला श्रद्धालु आरती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य 17 घायल यात्रियों का इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग किया।
ज्योर्तिमठ कोतवाल देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि वाहन में कुल 18 यात्री सवार थे, जिनमें से एक महिला की मौत हो गई है जबकि 17 यात्री घायल हैं।

यह भी पढ़ें -  अंकिता भंडारी के माता-पिता को राहुल गांधी और प्रियंका ने दिया समर्थन, गोदियाल ने जताया आभार

पुलिस ने मृतका के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। चारधाम यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in Uncategorized

Trending News