Uncategorized
उत्तराखंड सरकार ने पीआरडी जवानों और सफाई कर्मियों को दिया तोहफा, मिलेगा होमगार्ड के समान मानदेय
उत्तराखंड सरकार ने पीआरडी जवानों को होमगार्ड के समान मानदेय देने की तैयारी की है, जिसके लिए एक समिति गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों का पारिश्रमिक बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
, देहरादून । प्रदेश में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों और सफाई कर्मियों को राहत देने की दिशा में सरकार ने कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीआरडी जवानों को होमगार्ड के जवानों की भांति मानदेय दिए जाने के संबंध में समिति गठित कर आवश्यक कार्यवाही करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
इससे आठ हजार से अधिक पीआरडी कर्मियों को लाभ मिलेगा। साथ ही विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया है।
पीआरडी जवान होमगार्ड जवानों के समान मानदेय दिए जाने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री धामी द्वारा समिति गठित करने का निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समिति इस विषय पर विचार कर आवश्यक कार्यवाही की दिशा तय करेगी। यह समिति ही मानदेय में वृद्धि की दर और इसे लागू करने की समयसीमा को लेकर अपनी संस्तुति देगी।
वहीं, प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों के मानदेय में भी वृद्धि की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इससे संबंधित प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। इससे सरकारी विभागों में सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्मिकों को आर्थिक राहत मिलने का रास्ता साफ होगा।





