Uncategorized
Dhami Ke 5 Saal : ऋषिकेश में सीएम बोले, कभी अहंकार नहीं किया, विकसित उत्तराखंड बनाना है लक्ष्य

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल चार जुलाई 2021 को पहली बार सीएम धामी सीएम पद की शपथ ली थी। तब से अब तक लगातार पांच साल से पुष्कर सिंह धामी राज्य के मुख्यमंत्री पद (Dhami ke 5 saal) पर बने हुए हैं।
भौगोलिकसंदर्भ
ऋषिकेश में हुआ आयोजन, सेवा पखवाड़ा की शुरुआत
सीएम धामी के बतौर मुख्यमंत्री पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के मौके पर ऋषिकेश के आईडीपीएल ग्राउंड में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ‘जन-जन की सरकार सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम के दूसरे चरण की भी शुरुआत हुई है। इस दौरान कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटा.) गुरमीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के साथ ही धामी कैबिनेट के मंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनता के बीच से होकर निकले सीएम धामी
कार्यक्रम में पहुंचे सीएम धामी कार्यकर्ताओं और जनता के बीच से ही मंच की ओर बढ़े। इस दौरान जनता और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सीएम धामी के ऊपर फूलों की बरसात भी की गई। उधर सीएम धामी खुद भी लोगों के हाथ मिलाते, उनके पास रुकते हुए, उनका अभिवादन स्वीकार करते नजर आए। काफी देर तक सीएम धामी जनता के बीच बने रहे और इस दौरान कई लोग सीएम धामी से हाथ मिलाने के लिए उत्साहित दिखे।
कार्यक्रम में देहरादून को मिली बड़ी सौगात
इसी बीच देहरादून को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल ने देहरादून जिले के लिए 219 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
सीएम धामी ने कार्यक्रम के दौरान लोगों को किया संबोधित
सीएम धामी ने भी इस अवसर पर लोगों को संबोधित किया। उन्होंने अपना संबोधन भारत माता की जय और स्थानीय देवाताओं के जयकारे से किया। साथ ही जनता का भी अभिवादन किया।
अपने संबोधन में सीएम धामी ने कहा कि उन्होंने आज तक कभी ये नहीं गिना कि वे कितने समय से मुख्यमंत्री हैं। वो राज्य के लिए काम करते रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का पद किसी वर्ग या समुदाय विशेष का नहीं, बल्कि पूरे जन-गण-मन की सेवा का माध्यम है। उनका लक्ष्य केवल कार्यकाल पूरा करना नहीं है नहीं बल्कि इस राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना है।
राज्य में चारों तरफ दिख रहे बदलाव
सीएम धामी ने आगे कहा कि ‘उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने पर काम चल रहा है। राज्य में चौतरफा बदलाव दिख रहा है। आज प्रदेश की बेटियां आत्मनिर्भर बन रही हैं, चार धाम यात्रा में इस बार रिकॉर्ड श्रद्धालु पहुंचे हैं और राज्य का बजट एक लाख करोड़ से अधिक हो चुका है।
‘पलायन कर गए लोग वापस लौट रहे हैं’
आगे सीएम ने कहा, अब पलायन कर गए लोग वापस लौट रहे हैं। प्रदेश में ऊर्जा, पर्यटन, जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। ‘राज्य में खनन सुधार के काम हुआ है। जो काम राज्य के इतिहास में नहीं हुआ वो काम हमारी सरकार ने किया है। इस दौरान उनकी सरकार ने कड़े फैसले भी लिए। सीएम धामी ने आगे कहा ‘उत्तराखंड की जनता ने बहुत संघर्ष किया है। ऐसा समय भी देखा जब कुर्सी बचाने की राजनीति हो रही थी। सरकार पूरी निष्ठा से काम कर रही है।
सीएम ने विपक्ष पर साधा निशाना
अपने संबोधन में सीएम धामी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष के पास अवसर था, तब उनका विजन कहां था। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने गरीबों को केवल वोट बैंक समझा। जबकि वर्तमान सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष झूठ, भ्रम और नफरत की राजनीति कर रहा है। आज विपक्ष के मुंह से वाह-वाह की जगह आह-आह निकल रहा है।
सीएम ने कहा, ‘पांच साल पूरा करने का नहीं है अहंकार’
सीएम धामी ने आगे कहा कि, पांच साल का कार्यकाल पूरा करने का उन्हें कोई अहंकार नहीं है। सत्ता का सुख भोगना उनका लक्ष्य नहीं बल्कि अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।
अधिकारियों को दिए सेवा पखवाड़ा मनाने के निर्देश
इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को नसीहत दी कि वो हो – हल्ले के कार्यक्रम से दूर रहें। उन्होंने सभी अधिकारियों को सेवा पखवाड़ा मनाने के निर्देश दिए। सीएम धामी ने अंत में राज्य के लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से राज्य को विकसित राज्य बनाएंगे।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने सीएम को दी बधाई
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने सीएम को शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने सीएम की तारीफ करते हुए यूसीसी और नकल विरोधी कानून जैसे फैसलों की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘यूसीसी और नकल विरोधी कानून बनाना आसान नहीं था। इसे अब अन्य राज्यों में भी लागू किया जा रहा है।’
रेखा आर्या ने सीएम के काम को सराहा
तो वहीं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने भी सीएम धामी को पांच साल का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में सीएम धामी के काम को सराहा। उन्होंने कहा, सीएम के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए काम हुआ। यूसीसी ने महिलाओं को सशक्त बनाया है और साल 2047 तक उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही उन्होंने नेशनल गेम्स के आयोजन को लेकर भी सरहाना की।
भौगोलिकसंदर्भ
अन्य नेताओं ने भी सराहा
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि धामी अभी उत्तराखंड की राजनीति में लंबी पारी खेलने वाले हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने अपनेपांच वर्षों के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक फैसले लिए है। जिसमें उन्होंने उत्तराखंड सरकार के कई फैसले आज देश के अन्य राज्यों में लागू किए जा रहे हैं, जो बड़े ही गर्व की बात है।
इसके साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री को पांच साल पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री धामी के बेहतर समन्वय का लाभ उत्तराखंड को मिला है।






